

देवगांव में विधायक शत्रुघ्न गौतम ने परिवार सहित किया मतदान, 76.47 प्रतिशत रहा मतदान; कन्नौज में भी मतदाताओं में दिखा उत्साह
केकड़ी। पंचायतीराज चुनाव-2026 के तहत शनिवार को केकड़ी क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। महिलाओं और पुरुषों ने कतारों में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान का समय शाम छह बजे तक निर्धारित था, लेकिन निर्धारित समय तक मतदान केंद्रों पर पहुंचकर कतार में लग चुके मतदाताओं ने इसके बाद भी मतदान किया। कई केंद्रों पर करीब आधे घंटे तक मतदान प्रक्रिया जारी रही।
ग्राम पंचायत मेवदाकला में कुल मतदान प्रतिशत 85.71 प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं ग्राम पंचायत मानखंड में 87.19 प्रतिशत मतदान हुआ। देवगांव में 76.47 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अलग-अलग ग्राम पंचायतों में मतदान के दौरान मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
मेवदाकला में 85.71 प्रतिशत मतदान
ग्राम पंचायत मेवदाकला में मतदाताओं ने उत्साह के साथ मतदान किया। उपलब्ध बूथवार आंकड़ों के अनुसार बूथ संख्या 64 पर 88.04 प्रतिशत, बूथ संख्या 65 पर 84.64 प्रतिशत तथा बूथ संख्या 66 पर 85.06 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। ग्राम पंचायत का कुल मतदान प्रतिशत 85.71 प्रतिशत रहा।
मानखंड में 87.19 प्रतिशत मतदान, बूथ 57 पर सर्वाधिक
ग्राम पंचायत मानखंड में कुल 2,984 मतदाताओं में से 2,602 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां कुल मतदान प्रतिशत 87.19 प्रतिशत रहा। बूथ संख्या 57 पर 1,005 मतदाताओं में से 898 ने मतदान किया, जो 89.35 प्रतिशत रहा। बूथ संख्या 58 पर 901 में से 772 मतदाताओं ने वोट डाले और मतदान प्रतिशत 85.68 रहा। वहीं बूथ संख्या 59 पर 1,078 में से 932 मतदाताओं ने मतदान किया। यहां 86.45 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। तीनों बूथों के आंकड़ों में बूथ संख्या 57 मतदान प्रतिशत के लिहाज से सबसे आगे रहा।
देवगांव में विधायक गौतम ने परिवार सहित किया मतदान
ग्राम पंचायत देवगांव में शनिवार को मतदान के दौरान राजनीतिक सरगर्मियां भी देखने को मिलीं। केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम ने ग्राम पंचायत मुख्यालय स्थित मतदान केंद्र पर परिवार सहित मतदान किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से ग्राम पंचायत को मजबूत बनाने की बात कही। मतदान के बाद विधायक ने नुक्कड़ पर बैठकर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनके हालचाल जाने।
देवगांव में सरपंच पद का चुनाव विधानसभा क्षेत्र की हॉट सीट के रूप में चर्चा में रहा। चुनाव के दौरान केकड़ी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील ने पुलिस जाप्ते के साथ क्षेत्र के मतदान केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
देवगांव में 5,042 मतदाताओं में से 3,868 ने डाले वोट
ग्राम पंचायत देवगांव में कुल 5,042 मतदाता थे। इनमें से 3,868 मतदाताओं ने मतदान किया। इस प्रकार यहां अंतिम मतदान प्रतिशत 76.47 प्रतिशत दर्ज किया गया।
बूथ संख्या 79 पर कुल 1,176 मतदाता, बूथ संख्या 80 पर 920, बूथ संख्या 81 पर 766, बूथ संख्या 82 पर 1,120 तथा बूथ संख्या 83 पर 1,065 मतदाता दर्ज किए गए। पांचों बूथों के कुल मतदाताओं की संख्या 5,042 रही।
कन्नौज में भी मतदाताओं ने दिखाया उत्साह
ग्राम पंचायत कन्नौज में बूथ संख्या 62 पर 702, बूथ संख्या 63 पर 532 तथा बूथ संख्या 60 पर 599 मतदाताओं द्वारा मतदान किए जाने की जानकारी मिली। इन बूथों के मतदान प्रतिशत और ग्राम पंचायत के कुल मतदान के आंकड़े उपलब्ध नहीं हो सके।
शाम छह बजे बाद भी जारी रहा मतदान
पंचायतीराज चुनाव के दौरान निर्धारित समय शाम छह बजे तक मतदान केंद्रों पर पहुंचने वाले मतदाता कतारों में लगे रहे। इसके चलते कुछ मतदान केंद्रों पर शाम छह बजे के बाद भी करीब आधे घंटे तक मतदान कराया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान को लेकर लोगों में उत्साह रहा और मतदाताओं ने स्थानीय नेतृत्व चुनने के लिए अपने मताधिकार का उपयोग किया।