मतदान बहिष्कार की चेतावनी के बाद जागा प्रशासन, चौसला कॉलोनी में पाइपलाइन डालने का काम शुरू

चौसला कॉलोनी में पाइपलाइन डालते ठेकेदार के कर्मचारी और नल कनेक्शन जोड़ने में जुटे ग्रामीण।

विधायक शत्रुघ्न गौतम के हस्तक्षेप से दूर हुआ गतिरोध, ग्रामीणों ने जताई खुशी; अब घर-घर नल कनेक्शन की उम्मीद

केकड़ी 22 अक्टूबर
ग्राम पंचायत मेवदाकला की चौसला कॉलोनी में जल जीवन मिशन के तहत घर-घर नल कनेक्शन की मांग को लेकर चल रहा गतिरोध गुरुवार को समाप्त हो गया। पंचायत राज चुनाव 2026 के मतदान का बहिष्कार करने की चेतावनी के बीच कॉलोनी में पाइपलाइन डालने का काम शुरू कर दिया गया। इससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और क्षेत्रीय विधायक शत्रुघ्न गौतम का आभार जताया।

चौसला कॉलोनी में लंबे समय से घर-घर नल कनेक्शन नहीं होने से ग्रामीण पेयजल समस्या से जूझ रहे थे। समस्या के समाधान की मांग को लेकर कॉलोनीवासियों ने पिछले दिनों क्षेत्रीय प्रशासनिक अधिकारियों और जिला कलेक्टर को ज्ञापन भेजकर जल जीवन मिशन के तहत नल कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग उठाई थी। मांग पूरी नहीं होने पर ग्रामीणों ने पंचायत राज चुनाव 2026 के मतदान का बहिष्कार करने की चेतावनी दी थी।

मामले को लेकर कॉलोनी के युवाओं ने केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया। विधायक ने आश्वासन दिया था कि चुनाव से पहले पाइपलाइन डालने का कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। हालांकि, इस मामले में पिछले तीन दिनों से गतिरोध बना हुआ था।

मंगलवार को विधायक गौतम ने कॉलोनीवासियों से बातचीत कर पाइपलाइन डालने का कार्य शुरू करवाने के लिए आश्वस्त किया। इसके बाद बुधवार शाम को ग्रामीण मतदान के लिए राजी हुए। गुरुवार को पाइपलाइन डालने का कार्य शुरू होने के साथ ही विवाद का पटाक्षेप हो गया।

विधायक शत्रुघ्न गौतम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों से बातचीत की और कार्य शुरू करवाने की पहल की। उन्होंने कॉलोनीवासियों से लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी निभाने और मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र में विकास कार्य समय पर करवाए जाएंगे तथा किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा।

पाइपलाइन डालने का कार्य शुरू होने पर कॉलोनीवासियों ने खुशी जाहिर करते हुए विधायक शत्रुघ्न गौतम का आभार जताया। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि पाइपलाइन का कार्य पूरा होने के बाद उनके घरों तक नल कनेक्शन पहुंच सकेंगे और पेयजल समस्या से राहत मिलेगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *