मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का विशेष अभियान शुरू, नवविवाहित महिलाओं और युवाओं को मिलेगा मौका

17 वर्ष या अधिक आयु के युवाओं से भी लिए जा रहे अग्रिम आवेदन, गांव-गांव में बीएलओ के माध्यम से नाम जुड़वाने की अपील

केकड़ी।मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने से वंचित रहे नागरिकों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत ऐसे सभी पात्र नागरिकों के आवेदन लिए जा रहे हैं, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है। इसके लिए ग्रामीणों से संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की गई है।

अभियान में विशेष रूप से उन युवाओं पर ध्यान दिया जा रहा है, जो मतदाता बनने की आयु के करीब पहुंच चुके हैं। 17 वर्ष या इससे अधिक आयु के युवाओं से भी अग्रिम आवेदन लिए जा रहे हैं, ताकि पात्रता पूरी होने पर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।

इसके साथ ही विवाह के बाद गांव में आई नवविवाहित महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। अक्सर विवाह के बाद निवास स्थान बदलने के कारण महिलाओं के नाम नई जगह की मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाते। ऐसे में अभियान के माध्यम से उनके नाम जोड़ने और मतदाता सूची को अद्यतन करने का प्रयास किया जा रहा है।

ये दस्तावेज होंगे आवश्यक
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदकों को आधार कार्ड, दसवीं कक्षा की अंकतालिका और पासपोर्ट साइज फोटो सहित उपलब्ध अन्य आवश्यक पहचान एवं आयु संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। इच्छुक ग्रामीण संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवेदन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

समय रहते करवाएं नाम दर्ज
मतदाता सूची में नाम दर्ज होना प्रत्येक पात्र नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है। इसलिए जिन युवाओं, नवविवाहित महिलाओं और अन्य नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, उन्हें अभियान का लाभ उठाकर समय रहते आवेदन करना चाहिए, ताकि भविष्य में मतदान के अधिकार से वंचित नहीं रहना पड़े।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *