राजकीय महाविद्यालय में उत्साह के साथ मनाया जनजातीय गौरव दिवस, बिरसा मुंडा के संघर्षों को किया याद

जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए आदिवासी समाज का संघर्ष आज भी प्रेरणास्रोत : प्राचार्य डॉ. के.एल. मीणा

केकड़ी।राजकीय महाविद्यालय केकड़ी में शनिवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में जनजातीय गौरव दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और जनजातीय समाज के उत्थान में उनके योगदान को याद किया गया।

कार्यक्रम के प्रभारी डॉ. आनन्द पाराशर ने भगवान बिरसा मुंडा के प्रेरणादायी जीवन वृत्त पर प्रकाश डालते हुए उनके ऐतिहासिक संघर्षों और सामाजिक चेतना के प्रयासों की जानकारी दी। वरिष्ठ संकाय सदस्य विकास कुमार ने जनजातीय समाज की गौरवशाली संस्कृति, परंपराओं और समृद्ध विरासत पर विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) के.एल. मीणा ने कहा कि जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए जनजातीय समाज ने ऐतिहासिक संघर्ष किया है। इस संघर्ष ने आदिवासी समाज की अस्मिता, अधिकारों और सामाजिक पहचान को नई दिशा प्रदान की। भगवान बिरसा मुंडा का जीवन आज भी संघर्ष, स्वाभिमान और समाज के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर विद्यार्थियों में जनजातीय इतिहास एवं संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में सहायक आचार्य तनु बसवाल, एकता नेहरा, प्रवीण वर्मा एवं पुष्पेंद्र यादव सहित महाविद्यालय के समस्त सदस्य उपस्थित रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *