केकड़ी में मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण शुरू, 12 नवंबर को होगा प्रारूप प्रकाशन

केकड़ी में मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर आयोजित बैठक में उपस्थित निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सुरेश कुमार बलाई एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि


1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर चलेगा अभियान, 11 दिसंबर तक दर्ज कराई जा सकेंगी आपत्तियां; 4 जनवरी को अंतिम मतदाता सूची होगी प्रकाशित

केकड़ी।भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र केकड़ी (105) में अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के संदर्भ में फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। इस संबंध में मंगलवार को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एसडीएम सुरेश कुमार बलाय की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सारणी की जानकारी देते हुए राजनीतिक दलों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।

निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर को एकीकृत मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन करवाने तथा नामों को लेकर दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकेंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। वहीं, मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।

पंचायत चुनावों के चलते बूथ पुनर्गठन में शिथिलता

बैठक में बताया गया कि प्रदेश में वर्तमान में जारी पंचायत चुनावों को देखते हुए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदान केंद्रों के पुनर्गठन एवं युक्तियुक्तकरण संबंधी गतिविधियों में भारत निर्वाचन आयोग की ओर से शिथिलता प्रदान की गई है। इससे वर्तमान मतदान केंद्र व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुनरीक्षण कार्य संपादित किया जाएगा।

17 वर्ष से अधिक आयु के युवाओं का भी होगा अग्रिम पंजीकरण

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से उन मतदान केंद्रों पर बूथ स्तरीय अभिकर्ता (बीएलए) नियुक्त करने का आग्रह किया गया, जहां अभी तक राजनीतिक दलों की ओर से बीएलए नियुक्त नहीं किए गए हैं। साथ ही निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के युवाओं का अग्रिम पंजीकरण करवाने तथा 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे युवाओं, जिनका अभी तक मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं है, उनका शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक दल के ब्लॉक अध्यक्ष दिलखुश जाट, इंडियन नेशनल कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष श्यामलाल बैरवा, भारतीय जनता पार्टी के शहर मंडल उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह शक्तावत एवं शहर मंडल अध्यक्ष रितेश जैन उपस्थित रहे। निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सुरेश कुमार बलाय ने उपस्थित प्रतिनिधियों को पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रति उपलब्ध करवाई। इसके बाद धन्यवाद ज्ञापित कर बैठक का समापन किया गया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *