घास भेरू की सवारी को लेकर प्रशासन-पुलिस अलर्ट, प्रतिबंधित पटाखों और विस्फोटक सामग्री के उपयोग पर रोक की अपील

एसडीएम सुरेश कुमार बलाई और केकड़ी शहर थानाधिकारी ने आमजन से मांगा सहयोग, अभिभावकों से बच्चों को समझाने का आग्रह; हुड़दंग और असामाजिक गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत

केकड़ी। शहर में धार्मिक आस्था और वर्षों पुरानी परंपरा से जुड़े घास भेरू की सवारी के आयोजन को लेकर उपखंड प्रशासन और पुलिस सतर्क हो गए हैं। आयोजन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई तथा केकड़ी शहर थानाधिकारी ने शहरवासियों से अलग-अलग अपील जारी कर पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया है।

उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि घास भेरू की सवारी के दौरान आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है। धार्मिक आयोजन में उत्साह और उल्लास के साथ शामिल हों, लेकिन सुरक्षा और कानून व्यवस्था का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने स्पष्ट रूप से प्रतिबंधित पटाखों एवं विस्फोटक सामग्री का उपयोग नहीं करने का आग्रह किया। साथ ही अभिभावकों से कहा कि वे अपने बच्चों को समझाएं कि प्रतिबंधित पटाखों से दूर रहें और किसी भी ऐसी गतिविधि में शामिल नहीं हों, जिससे जनहानि अथवा अप्रिय घटना घटित होने की आशंका हो।

एसडीएम ने नागरिकों से आयोजन के दौरान हुड़दंग, अव्यवस्था और असामाजिक गतिविधियों से बचने तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक जिम्मेदार व्यवहार करते हुए प्रशासन का सहयोग करें, ताकि पारंपरिक आयोजन सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।

इधर, केकड़ी शहर थानाधिकारी ने भी घास भेरू की सवारी को लेकर आमजन से विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान प्रतिबंधित पटाखों का उपयोग नहीं किया जाए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि या अप्रिय घटना नहीं हो। थानाधिकारी ने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को प्रतिबंधित पटाखों का उपयोग नहीं करने की समझाइश दें।

थानाधिकारी ने कहा कि पुलिस आमजन की सेवा और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। ऐसे में नागरिकों का भी दायित्व है कि वे पुलिस का सहयोग करें और परंपरागत घास भेरू के आयोजन को शालीनता, सभ्यता, हर्ष और उल्लास के साथ मनाएं।

प्रशासन और पुलिस की संयुक्त अपील का मुख्य उद्देश्य धार्मिक परंपरा की गरिमा बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। प्रशासन ने शहरवासियों से अपेक्षा जताई है कि वे जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाते हुए नियमों का पालन करें, प्रतिबंधित सामग्री से दूरी रखें और आपसी सहयोग से घास भेरू की सवारी के आयोजन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित बनाने में भागीदारी निभाएं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *