ईएमआरआई जीएचएस 108 ने प्रदेशवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं, सुरक्षित त्योहार मनाने की अपील

दीपावली पर आपातकालीन सेवाएं रहेंगी अलर्ट, प्रदेश में 1,094 एम्बुलेंस और 1,000 पुलिस मोबाइल वैन तैनात

जयपुर। ईएमआरआई जीएचएस के स्टेट हेड राजस्थान श्री मधुसूदन भोमिया ने दीपावली के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित एवं दुर्घटनामुक्त दीपावली मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि 108 एम्बुलेंस सेवा एवं 112 पुलिस आपातकालीन सेवा पूरी तरह निःशुल्क हैं और महज एक फोन कॉल पर उपलब्ध हैं। इन सेवाओं का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों को समय पर सहायता उपलब्ध कराकर अनमोल जीवन बचाना है।

उन्होंने आमजन से अपील की कि चिकित्सा संबंधी आपात स्थिति में 108 तथा पुलिस सहायता के लिए 112 नंबर पर कॉल करें। आपातकालीन हेल्पलाइन का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता मिल सके।

दीपावली के दौरान संभावित दुर्घटनाओं और आपातकालीन घटनाओं को देखते हुए राजस्थान में वर्तमान में 1,094 एम्बुलेंस संचालित हैं। वहीं, डायल 112 इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम (ERSS) परियोजना के तहत प्रदेश में 1,000 पुलिस मोबाइल वैन भी तैनात हैं। सभी वाहन आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों को त्वरित सहायता देने के लिए तैयार रखे गए हैं।

त्योहार पर विशेष सतर्कता और अतिरिक्त व्यवस्थाएं

ईएमआरआई जीएचएस की ओर से दीपावली के दौरान आपातकालीन सेवाओं को निर्बाध बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रदेशभर में संचालित 108 एम्बुलेंस का वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा रात्रिकालीन निरीक्षण एवं निगरानी की जा रही है, ताकि वाहनों की कार्यशीलता और आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया जा सके।

इसके अलावा पिछले पांच वर्षों के परिचालन अनुभव, मौसमी परिस्थितियों और त्योहारों के दौरान सामने आने वाली दुर्घटनाओं के विश्लेषण के आधार पर एम्बुलेंस की रणनीतिक तैनाती की गई है। सभी एम्बुलेंस में जीवनरक्षक दवाइयां और प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ उपलब्ध है, जिससे मरीजों को अस्पताल पहुंचने से पहले ही आवश्यक चिकित्सा सहायता मिल सके।

एम्बुलेंस पायलट और इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (EMT) को भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्हें त्योहार के दौरान सड़क पर अतिरिक्त सावधानी बरतने तथा मरीजों, पैदल यात्रियों और अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

सुरक्षित दीपावली के लिए इन सावधानियों का रखें ध्यान

ईएमआरआई जीएचएस 108 ने नागरिकों से अपील की है कि पटाखे जलाते समय उनके पैकेट पर लिखे सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। पटाखे खुले एवं सुरक्षित स्थान पर ही जलाएं तथा बच्चों को हमेशा वयस्कों की निगरानी में रखें। पटाखे जलाने वाले स्थान पर पानी की बाल्टी और रेत रखें। सूती कपड़े पहनें और पेड़ों, बिजली के तारों तथा ज्वलनशील पदार्थों से दूरी बनाए रखें।

पटाखे जलाते समय सिंथेटिक कपड़ों का इस्तेमाल न करें। अस्पतालों, नर्सिंग होम, वाहनों और संवेदनशील स्थानों के आसपास आतिशबाजी से बचें। रॉकेट छोड़ने के लिए कांच की बोतलों का उपयोग न करें तथा जलते हुए पटाखे पर कोई बर्तन या कंटेनर न रखें।

जलने की स्थिति में प्रभावित स्थान को कम से कम 20 मिनट तक साफ और ठंडे बहते पानी से ठंडा करें तथा चिकित्सकीय सहायता लें। कपड़ों में आग लगने पर भागने के बजाय रुकें, जमीन पर लेटें और लुढ़कें (STOP, DROP AND ROLL)। अस्थमा और सांस संबंधी परेशानी से पीड़ित लोग पटाखों के धुएं से दूर रहें।

ईएमआरआई जीएचएस ने वाहन चालकों से भी रात्रि और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है। साथ ही नागरिकों से कहा है कि 108 और 112 हेल्पलाइन नंबरों पर अनावश्यक कॉल न करें तथा इनका उपयोग केवल वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों में ही करें।

ईएमआरआई जीएचएस का संदेश है कि सावधानी और जिम्मेदारी के साथ मनाई गई दीपावली ही खुशियों भरी दीपावली है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *