
महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर लिया आशीर्वाद, बागरीयों की ढाणी पहुंचकर भी ग्रामीणों से किया संवाद
केकड़ी। ग्राम देवगांव में विधायक शत्रुघ्न गौतम ने शुक्रवार को जनसुनवाई कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। जनसुनवाई से पहले विधायक गौतम ने गांव में भगवान महादेव के मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए आशीर्वाद प्राप्त किया।

इसके बाद आयोजित जनसुनवाई में ग्रामीणों ने पेयजल, बिजली, सड़क, राजस्व, चिकित्सा एवं अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। विधायक ने प्रत्येक समस्या को गंभीरता से सुना तथा मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों से जानकारी लेकर उनके निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित एवं उचित समाधान सुनिश्चित करने तथा आमजन को अनावश्यक परेशानी से राहत दिलाने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के बाद विधायक शत्रुघ्न गौतम देवगांव की बागरीयों की ढाणी पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और क्षेत्र की आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों द्वारा बताई गई समस्याओं के समाधान को लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से चर्चा की तथा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस दौरान विधायक ने कहा कि जनसेवा ही उनका संकल्प है। ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान करना और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। आमजन की समस्याओं को सुनकर उनका समयबद्ध निराकरण करवाने के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
