तसवारिया में चोरों का आतंक, एक ही बाड़े में खड़े चार ट्रैक्टरों को बनाया निशाना

बैटरियां, टेप और डीजल सहित लाखों का सामान चोरी, डीजल पाइप तोड़कर टंकियां कर दी खाली; तीन किसानों ने पुलिस को दी रिपोर्ट

केकड़ी। क्षेत्र के तसवारिया गांव में चोरों ने एक ही रात में चार ट्रैक्टरों को निशाना बनाते हुए उनमें से बैटरियां, टेप, डीजल सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। चोरों ने ट्रैक्टरों की डीजल पाइप भी तोड़ दी और टंकियों में भरा पूरा डीजल निकालकर ले गए। गुरुवार सुबह चोरी की घटना का पता चलने पर पीड़ितों में हड़कंप मच गया। मामले में तीन ग्रामीणों ने शहर पुलिस थाना केकड़ी में रिपोर्ट देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस को दी रिपोर्ट के अनुसार तसवारिया निवासी घीसालाल पुत्र पोलूराम जाट का गांव के बाहर केकड़ी रोड पर बाड़ा स्थित है। इस बाड़े में घीसालाल सहित प्रधान पुत्र जमनालाल कुमावत और आशाराम पुत्र श्योजीराम गुर्जर अपने-अपने ट्रैक्टर खड़े करते हैं। बुधवार 4 नवंबर की रात को भी सभी ने रोजाना की तरह अपने चार ट्रैक्टर बाड़े में खड़े किए थे। इनमें आरजे 48 आरए 0276, आरजे 48 आरए 8215, आरजे 16 आरसी 0357 और आरजे 12 आरबी 4785 नंबर के ट्रैक्टर शामिल हैं।

गुरुवार सुबह करीब सात बजे घीसालाल अपने बाड़े में पहुंचा तो वहां ट्रैक्टरों के आसपास सामान बिखरा हुआ मिला। ट्रैक्टरों की स्थिति देखकर उसे चोरी की आशंका हुई। उसने तत्काल अन्य ट्रैक्टर मालिकों को फोन कर मौके पर बुलाया। सभी ने अपने-अपने ट्रैक्टरों की जांच की तो चारों ट्रैक्टरों से बैटरियां, टेप, डीजल और अन्य सामान गायब मिला। चोरों ने डीजल पाइपों को भी तोड़ दिया था तथा चारों ट्रैक्टरों की फुल डीजल टंकियां खाली कर दी थीं।

एक ही बाड़े में खड़े चार ट्रैक्टरों को निशाना बनाकर की गई इस वारदात से ग्रामीणों में रोष है। पीड़ितों का कहना है कि चोर रात के अंधेरे में ट्रैक्टरों से कीमती सामान और डीजल निकालकर ले गए। तीनों प्रार्थियों ने 5 नवंबर को शहर पुलिस थाना केकड़ी में लिखित रिपोर्ट पेश कर अज्ञात आरोपियों का पता लगाने, चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *