
रक्त की भारी कमी से उपचार प्रभावित होने की आशंका, सामाजिक संगठनों और रक्तवीरों से विशाल रक्तदान शिविर आयोजित करने की अपील
केकड़ी। राजकीय जिला अस्पताल केकड़ी के ब्लड बैंक में इन दिनों रक्त की भारी कमी बनी हुई है। ब्लड बैंक में पर्याप्त मात्रा में रक्त उपलब्ध नहीं होने से जरूरतमंद मरीजों और उनके परिजनों को उपचार के दौरान काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर आपातकालीन स्थिति में रक्त की आवश्यकता होने पर मरीजों के परिजनों को रक्त की व्यवस्था के लिए इधर-उधर भटकना पड़ सकता है।
रक्त की इस गंभीर कमी को देखते हुए सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवाओं और नियमित रक्तदाताओं से आगे आकर मानवता के इस पुनीत कार्य में भागीदारी निभाने की अपील की गई है। केकड़ी में शीघ्र ही विशाल रक्तदान शिविर आयोजित करने की आवश्यकता जताई गई है, ताकि ब्लड बैंक में रक्त का पर्याप्त भंडार सुनिश्चित किया जा सके।
रक्तदान किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का माध्यम है। ऐसे में क्षेत्र के युवाओं, सामाजिक संगठनों और भामाशाहों को एकजुट होकर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए, जिससे किसी भी मरीज को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके और रक्त के अभाव में उपचार में परेशानी नहीं आए।