केकड़ी में विनित जैन, सावर में पदमनी धाभाई और सरवाड़ में मनोज सैनी पर भाजपा ने जताया भरोसा


टांटोटी में टीकम चंद बांबी को बनाया अध्यक्ष पद का प्रत्याशी, भाजपा राजस्थान ने जारी की सूची

केकड़ी, 15 सितम्बर। नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी राजस्थान ने अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देशानुसार जारी सूची में अजमेर देहात जिले के अंतर्गत केकड़ी विधानसभा क्षेत्र की चार नगर निकायों के अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए हैं।

भाजपा की ओर से केकड़ी नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए विनित जैन, सावर नगर पालिका के लिए पदमनी धाभाई, सरवाड़ नगर पालिका के लिए मनोज सैनी तथा टांटोटी नगर पालिका के लिए टीकम चंद बांबी को प्रत्याशी बनाया गया है।

जारी सूची के अनुसार केकड़ी नगर पालिका का अध्यक्ष पद सामान्य श्रेणी में है और यहां विनित जैन को प्रत्याशी बनाया गया है। उनके पिता का नाम शांति लाल जैन बताया गया है। वहीं सावर नगर पालिका अध्यक्ष पद सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित है, जहां भाजपा ने पदमनी धाभाई को मैदान में उतारा है।

सरवाड़ नगर पालिका का अध्यक्ष पद ओबीसी श्रेणी में है। भाजपा ने यहां मनोज सैनी को प्रत्याशी घोषित किया है, जबकि टांटोटी नगर पालिका अध्यक्ष पद एससी श्रेणी के लिए आरक्षित होने के चलते पार्टी ने टीकम चंद बांबी के नाम पर मुहर लगाई है। सूची में उनके पिता का नाम सावरीया प्रसाद दर्ज है।

इसके अलावा अजमेर देहात जिले की सूची में पुष्कर नगर परिषद के एससी आरक्षित अध्यक्ष पद के लिए राजेन्द्र बाकोलिया को भाजपा प्रत्याशी घोषित किया गया है। उनके पिता का नाम उगम चंद रेगर है।

भाजपा राजस्थान के प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी श्रवण सिंह बगड़ी की ओर से 15 सितम्बर को यह सूची जारी की गई। अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही संबंधित नगर निकायों में चुनावी मुकाबले की तस्वीर और अधिक स्पष्ट हो गई है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *