25 साल बाद पुराने केकड़ी–देवली मार्ग पर फिर दौड़ेगी रोडवेज बस

1 अगस्त से वाया रामथला शुरू होगी बस सेवा, विधायक शत्रुघ्न गौतम के प्रयास रंग लाए; 20 से अधिक ग्राम पंचायतों के हजारों लोगों को मिलेगा सीधा लाभ
केकड़ी, 26 जुलाई।क्षेत्रवासियों की करीब ढाई दशक पुरानी मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। लगभग 25 वर्ष बाद पुराने केकड़ी–देवली वाया रामथला मार्ग पर राजस्थान रोडवेज की बस सेवा फिर से शुरू होगी। विधायक शत्रुघ्न गौतम के लगातार प्रयासों और रोडवेज प्रशासन से समन्वय के बाद यह बहुप्रतीक्षित सुविधा 1 अगस्त से आमजन को उपलब्ध होगी। केकड़ी डिपो के मुख्य प्रबंधक हेमराज मीणा ने बस संचालन के आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश के अनुसार बस इस मार्ग पर प्रतिदिन चार फेरे लगाएगी।

25 वर्ष बाद पुराने केकड़ी–देवली वाया रामथला मार्ग पर दोबारा शुरू होने जा रही राजस्थान रोडवेज बस

इस बस सेवा के शुरू होने से केकड़ी और देवली उपखंड की 20 से अधिक ग्राम पंचायतों के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों, किसानों, मरीजों और आम यात्रियों को अब सुरक्षित, सस्ती एवं नियमित परिवहन सुविधा मिल सकेगी। वर्षों से बस सेवा बंद रहने के कारण लोगों को निजी वाहनों या लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त हानि होती थी।


2004 में पुल डूबने से थम गए थे बसों के पहिए-वर्ष 2004 में बीसलपुर बांध के पूर्ण जलभराव के बाद बनास नदी पर स्थित नेगड़िया का ब्रिटिशकालीन पुल डूब गया था। इसके साथ ही पुराने केकड़ी–देवली मार्ग पर रोडवेज बसों का संचालन पूरी तरह बंद हो गया। ग्रामीणों को मजबूरी में दूसरे लंबे मार्गों से सफर करना पड़ता था। बाद में वर्ष 2014 में बनास नदी पर करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से नया पुल बनकर तैयार हुआ, लेकिन पुल बनने के बाद भी इस मार्ग पर रोडवेज बस सेवा शुरू नहीं हो सकी। अब लगभग 25 वर्षों बाद इस मार्ग पर फिर से रोडवेज बस दौड़ेगी।


छात्रों की शिक्षा को मिलेगा बड़ा सहारा-पिछले 25 वर्षों से इस मार्ग पर नियमित बस सेवा नहीं होने के कारण कई गांवों के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अनेक विद्यार्थियों को किराये पर शहरों में रहना पड़ता था, जबकि कई आर्थिक तंगी और परिवहन की समस्या के कारण पढ़ाई बीच में ही छोड़ने को मजबूर हुए। अब बस सेवा शुरू होने से छात्र प्रतिदिन घर से कॉलेज और शिक्षण संस्थानों तक आसानी से आ-जा सकेंगे।
दो दर्जन से अधिक गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
नई बस सेवा से केकड़ी उपखंड के नाईखेड़ा, मोलकिया, आमली, तसवारिया, सलारी, तितरिया, कालेड़ा कृष्ण गोपाल, बोगला, धून्धरी, उंदरी, टांकावास, बाजटा, चांदथली सहित देवली उपखंड के रामथला, बडला, बीजवाड़, मालेड़ा, नासिरदा, थांवला और नेगड़िया समेत दो दर्जन से अधिक गांवों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। चिकित्सा, शिक्षा, व्यापार, सरकारी कार्यालयों और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए केकड़ी व देवली तक पहुंचना अब पहले से कहीं अधिक आसान होगा।


40 करोड़ के पुल का अब मिलेगा पूरा लाभ-नेगड़िया के पास बनास नदी पर करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से बने नए पुल का वर्षों तक अपेक्षित उपयोग नहीं हो पाया। बस सेवा शुरू नहीं होने से ग्रामीणों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल रहा था। अब रोडवेज संचालन शुरू होने से पुल का बेहतर उपयोग होगा और सरकार की इस महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना का उद्देश्य भी सार्थक होगा।


घोषणा के बाद ग्रामीणों में खुशी की लहर-बस सेवा शुरू होने की घोषणा के बाद पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे जनहित का ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए विधायक शत्रुघ्न गौतम और रोडवेज प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि वर्षों बाद इस मार्ग पर बस सेवा शुरू होने से ग्रामीण अंचल के विकास को नई गति मिलेगी और आवागमन की सबसे बड़ी समस्या का समाधान होगा।


क्या बोले विधायक शत्रुघ्न गौतम

पुराने केकड़ी–देवली मार्ग पर रोडवेज बस सेवा शुरू होने की जानकारी देते विधायक शत्रुघ्न गौतम।

विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि पुराने केकड़ी–देवली मार्ग पर वर्षों से रोडवेज बस सेवा बंद थी और क्षेत्र के लोगों ने लगातार इस समस्या से अवगत कराया था। आमजन की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए केकड़ी–देवली वाया रामथला बस सेवा शुरू कराई गई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस मार्ग पर और बसें भी संचालित की जाएंगी तथा केकड़ी डिपो से आसपास की प्रत्येक ग्राम पंचायत को बेहतर परिवहन सुविधा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही पुराने केकड़ी–देवली मार्ग के उन्नयन की दिशा में भी कार्य कराया जाएगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *