केकडी 28 जुलाई- पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने की मुहिम के तहत बघेरा स्थित राजकीय महात्मा गांधी विद्यालय में विद्यार्थियों को 300 पौधों का वितरण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ब्राह्मणी माता मंडल अध्यक्ष सत्यनारायण गुर्जर ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर किया।

विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को पौधे वितरित कर उन्हें अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्रों में पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प दिलाया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को पौधों के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि अधिक से अधिक पौधारोपण से पर्यावरण संतुलित रहता है, प्रदूषण कम होता है और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिलता है।प्रधानाचार्य छीतर मल नैनवाल ने कहा कि यदि प्रत्येक विद्यार्थी एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी निभाए, तो क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी नई दिशा मिलेगी। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पौधे प्राप्त कर उनकी देखभाल का संकल्प लिया। शारीरिक शिक्षक देवराज पारीक एवं शिवेंद्र सिंह धाभाई ने बताया कि पौधों का वितरण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण की भावना और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने का प्रयास है। इसका उद्देश्य पौधारोपण को जन-आंदोलन बनाकर प्रत्येक बच्चे को एक पौधे की जिम्मेदारी सौंपना है।

इस अवसर पर मनोज कुमार वर्मा, राजेश चौधरी, ओमप्रकाश जांगिड़, नाईमुद्दीन खान, अझरहरुद्दीन, बलवीर चौधरी, नटवर सिंह राठौड़ सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।