केकड़ी में अवैध खनन पर बड़ा प्रहार: 80 टन अवैध बजरी जब्त, पुलिस-खनन विभाग की संयुक्त कार्रवाई

केकड़ी 5 अगस्त-अजमेर रेंज में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत केकड़ी में पुलिस एवं खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम लसाड़िया में करीब 80 टन अवैध बजरी एवं अन्य खनिज सामग्री जब्त कर सीज कर दी। सरकारी भूमि पर अवैध रूप से खनिज सामग्री का भंडारण मिलने के बाद संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। इस कार्रवाई से अवैध खनन एवं खनिज माफियाओं में हड़कंप मच गया।

लसाड़िया गांव में सरकारी भूमि पर अवैध रूप से रखी गई करीब 80 टन बजरी को जब्त कर सीज करती पुलिस व खनन विभाग की संयुक्त टीम।

पुलिस महानिरीक्षक, अजमेर रेंज के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के नेतृत्व में अवैध खनन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मील तथा वृत्ताधिकारी हर्षित शर्मा के सुपरविजन में पुलिस थाना केकड़ी शहर की टीम और खनन विभाग के अधिकारियों ने ग्राम लसाड़िया में संयुक्त रूप से दबिश दी।कार्रवाई के दौरान सरकारी भूमि पर अवैध रूप से भंडारित करीब 80 टन बजरी एवं अन्य खनिज सामग्री बरामद हुई। संयुक्त टीम ने मौके पर ही पूरी सामग्री को जब्त कर नियमानुसार सीज कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि जब्त खनिज सामग्री के संबंध में खनन विभाग एवं पुलिस द्वारा नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं खनिजों के अवैध भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी व्यक्ति को सरकारी भूमि पर अवैध रूप से खनिज सामग्री का भंडारण करने या खनन संबंधी नियमों का उल्लंघन करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस एवं खनन विभाग का संयुक्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। अधिकारियों ने आमजन से भी अपील की है कि अवैध खनन या खनिजों के अवैध परिवहन एवं भंडारण की सूचना तत्काल पुलिस या खनन विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *