राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ सिंहस्थ महाकुंभ के ध्वजारोहण समारोह में शामिल हुए जूनिया के संत हनुमान दास जी महाराज

सिंहस्थ महाकुंभ के ऐतिहासिक ध्वजारोहण एवं स्तंभ पूजन समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ उपस्थित जूनिया गणेश जी की बड़ी के संत एवं अखिल भारतीय चतुर्दिक संप्रदाय के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत श्री हनुमान दास जी महाराज।

केकड़ी के लिए गौरव का क्षण, राष्ट्रीय स्तर के ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन में मिली विशेष सहभागिता

केकड़ी। राजस्थान के केकड़ी क्षेत्र के लिए यह गौरव और आध्यात्मिक प्रतिष्ठा का विशेष अवसर रहा, जब निकटवर्ती ग्राम जूनिया स्थित गणेश जी की बड़ी के संत श्री हनुमान दास जी महाराज महाराष्ट्र के नासिक में आयोजित सिंहस्थ महाकुंभ के ऐतिहासिक शुभारंभ समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ उपस्थित रहे।

अखिल भारतीय चतुर्दिक संप्रदाय के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत श्री हनुमान दास जी महाराज ने महाकुंभ के औपचारिक शुभारंभ के अवसर पर आयोजित ध्वजारोहण एवं स्तंभ पूजन समारोह में सहभागिता निभाई। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दोपहर 12 बजकर 2 मिनट पर नासिक के पवित्र रामकुंड में ध्वजारोहण कर स्तंभ पूजन किया। देश के इस महत्वपूर्ण धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन में राष्ट्रपति के साथ संत श्री हनुमान दास जी महाराज की उपस्थिति ने जूनिया सहित संपूर्ण केकड़ी क्षेत्र को गौरवान्वित किया।

उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र के नासिक एवं त्र्यंबकेश्वर में प्रत्येक 12 वर्ष में सिंहस्थ महाकुंभ का आयोजन होता है। यह सनातन धर्म की आस्था, परंपरा और आध्यात्मिक चेतना का विश्वविख्यात महापर्व है। इस दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु गोदावरी नदी में पुण्य स्नान के लिए पहुंचते हैं। नासिक के रामकुंड तथा त्र्यंबकेश्वर के कुशावर्त तीर्थ का धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व है।

संत श्री हनुमान दास जी महाराज का इस ऐतिहासिक आयोजन में राष्ट्रपति के साथ सहभागी होना केवल जूनिया गांव ही नहीं, बल्कि पूरे केकड़ी क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उनकी इस सहभागिता ने क्षेत्र की धार्मिक एवं आध्यात्मिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान दिलाई है। स्थानीय श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमियों में इस उपलब्धि को लेकर हर्ष और उत्साह का माहौल है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *