केकड़ी, 6 अगस्त। प्रदेश में पिछले आठ वर्षों से लंबित तृतीय श्रेणी (लेवल-प्रथम) शिक्षकों के स्थानांतरण की मांग को लेकर बुधवार को जयपुर के शहीद स्मारक पर हजारों शिक्षकों ने महापड़ाव डालकर राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने वरिष्ठता के आधार पर शीघ्र स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो प्रदेशव्यापी आंदोलन को और तेज किया जाएगा।राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) के जिला अध्यक्ष शत्रुघ्न सिंह राठौड़ (अलाम्बू) ने बताया कि पिछले आठ वर्षों से प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत लेवल-प्रथम शिक्षकों के स्थानांतरण नहीं होने से वे मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से वरिष्ठता के आधार पर तत्काल स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने मांग उठाई कि वर्षों से परिवार से दूर कार्यरत शिक्षकों को उनके गृह क्षेत्र के निकट पदस्थापित किया जाए, ताकि वे अपने बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल कर सकें। साथ ही अलग-अलग विद्यालयों में कार्यरत पति-पत्नी शिक्षकों को प्राथमिकता के आधार पर एक ही स्थान पर नियुक्त किया जाए।

शिक्षक नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर आमरण अनशन जैसे कदम भी उठाए जाएंगे।
महापड़ाव में पिपलाज, देवमंद, कादेड़ा, गोठड़ा, काचरिया सहित आसपास के क्षेत्रों के सैकड़ों शिक्षकों ने भाग लेकर स्थानांतरण नीति जल्द लागू करने की मांग दोहराई।