मंदिर गई थी बालिका, दीवार में आया करंट बना हादसे का कारण; चिकित्सक की अनुपस्थिति के चलते उपचार नहीं मिलने का परिजनों का आरोप

बघेरा में करंट हादसे में मृतका अनु खारोल की फाइल फोटो।

केकड़ी, 12 अगस्त-बघेरा ग्राम में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में करंट की चपेट में आने से 15 वर्षीय बालिका अनु खारोल की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजनों के अनुसार बालिका मंदिर गई थी। इसी दौरान अचानक दीवार में आए करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

परिजन घायल बालिका को उपचार के लिए बघेरा के ग्राम अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में चिकित्सक के अनुपस्थित होने के कारण बालिका को तत्काल उपचार नहीं मिल सका। इसके बाद उसे केकड़ी जिला चिकित्सालय ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

बघेरा अस्पताल का उपस्थिति रजिस्टर, जिसमें चिकित्सक की अनुपस्थिति के बावजूद हस्ताक्षर दर्ज होने का दावा।

परिजनों का आरोप है कि बघेरा ग्राम अस्पताल में चिकित्सक करीब एक सप्ताह से अधिक समय से अनुपस्थित हैं। ऐसे में गंभीर हालत में बालिका के अस्पताल पहुंचने पर भी उसे समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पाई। वहीं ग्रामीणों के बीच चिकित्सक मनोज जाटावत के अस्पताल में अनुपस्थित रहने के बावजूद उपस्थिति रजिस्टर में उनकी उपस्थिति दर्ज होने की चर्चा भी है। हालांकि इस संबंध में वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस कार्रवाई एवं पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। हादसे को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने बघेरा अस्पताल में चिकित्सकीय व्यवस्था सुचारु करने के साथ ही चिकित्सक की अनुपस्थिति एवं उपस्थिति रजिस्टर में दर्ज रिकॉर्ड की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *