नगर निकाय चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में भरा जोश, केंद्र-राज्य सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान
केकड़ी। नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा ने चुनावी तैयारियों को तेज करते हुए रविवार को अजमेर रोड स्थित पुराने स्वास्तिक हॉस्पिटल एवं आलोक कॉलेज के पास विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी देते हुए एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने का मंत्र दिया गया।

सम्मेलन में केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए पिछले ढाई साल में क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार के स्तर पर केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए हैं और इन कार्यों को लेकर कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाना चाहिए। विधायक ने कार्यकर्ताओं से आगामी नगर निकाय चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।
40 वार्ड जीतने का लक्ष्य
विधायक गौतम ने सम्मेलन में मौजूद कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से केकड़ी नगर पालिका के सभी 40 वार्डों में भाजपा को जीत दिलाने का आह्वान किया। इस पर पंडाल में मौजूद कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से अभिवादन करते हुए सभी वार्डों में भाजपा की जीत का दावा किया। कार्यकर्ताओं के उत्साह से सम्मेलन का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में नजर आया।

जमीनी कार्यकर्ताओं को मिलेगा मौका
विधायक शत्रुघ्न गौतम ने प्रत्याशी चयन को लेकर भी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि पार्टी जमीनी स्तर पर सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं को मौका देगी। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी का निर्णय सभी मिलकर करेंगे। पार्टी की ओर से चुनाव प्रभारी एवं पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं, जो प्रत्येक वार्ड में जाकर कार्यकर्ताओं एवं आमजन से फीडबैक ले रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक वार्ड से सामने आने वाले संभावित प्रत्याशियों के नाम पार्टी के ए-कमांड तक भेजे जाएंगे। इसके बाद पार्टी स्तर पर विचार-विमर्श कर प्रत्याशियों का अंतिम चयन किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से किसी भी तरह की गुटबाजी से दूर रहकर संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का आह्वान
सम्मेलन में भाजपा पदाधिकारियों ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी कार्यकर्ताओं को दी। वक्ताओं ने कहा कि कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को बूथ और वार्ड स्तर तक जनता के बीच लेकर जाएं तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें।
पदाधिकारियों ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में संगठन की ताकत कार्यकर्ता ही हैं। ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने-अपने वार्ड में सक्रिय होकर पार्टी की नीतियों, सरकार के कार्यों और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाना होगा।

वरिष्ठ पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा जिलाध्यक्ष जीतमल प्रजापत, निकाय चुनाव संयोजक सुभाष वर्मा, निकाय चुनाव प्रभारी नरेंद्र रावत, मुख्य वक्ता राजेंद्र रावत, निकाय चुनाव जिला सहप्रभारी हिरेंद्र जी सहित जिले एवं शहर मंडल के पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आगामी नगर निकाय चुनाव में भाजपा को मजबूत करने और सभी वार्डों में जीत के लिए पूरी ताकत से जुटने का संकल्प लिया।