कांग्रेस की बैठक में डॉ. रघु शर्मा का दावा—सरकार बनी तो केकड़ी को फिर जिला बनाएंगे, नगरपालिका को नगर परिषद का दर्जा दिलाएंगे
केकड़ी। नगर पालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर कांग्रेस कमेटी केकड़ी की ओर से कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक में चुनावी रणनीति पर मंथन किया गया। बैठक में पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि केकड़ी की जनता आज त्रस्त है। उन्होंने कहा कि केकड़ी को नगर परिषद से नगरपालिका कर दिया गया, जिससे शहर के विकास पर असर पड़ा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर केकड़ी को वापस जिला बनाया जाएगा और नगरपालिका को फिर से नगर परिषद का दर्जा दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि केकड़ी को फिर से विकास की रफ्तार पर लाया जाएगा।

नगर पालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस ने जमीनी स्तर पर उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। बैठक में केकड़ी के सभी 40 वार्डों में केकड़ी देहात के दो-दो कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को वार्ड प्रभारी नियुक्त किया गया। ये प्रभारी संबंधित वार्डों में जाकर वार्डवासियों से संवाद करेंगे और योग्य उम्मीदवार के चयन को लेकर फीडबैक जुटाकर अपनी रिपोर्ट संगठन को सौंपेंगे।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट हेमंत जैन ने बताया कि बैठक में चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा संगठन को बूथ एवं वार्ड स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया गया।
बैठक में केकड़ी ब्लॉक अध्यक्ष समरवीर सिंह, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह शक्तावत, सरवाड़ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्यामलाल बैरवा, निवर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष कमलेश साहू, पूर्व अध्यक्ष निर्मल जैन, संगठन महामंत्री रमेश पारीक, प्रवक्ता रतन पंवार, प्रेमचंद मोची, एडवोकेट नवल किशोर पारीक, पूर्व उपप्रधान छोटू गुजराल, रोहित सिंह चौहान, सम्पत देवी झारोटिया, मोहम्मद नकवी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।