
केकड़ी। जिला परिषद अजमेर द्वारा जारी निर्देशों के तहत शनिवार को केकड़ी विधानसभा क्षेत्र के केकड़ी, सरवाड़, टांटोटी एवं सावर क्षेत्र के सभी ईएलसी सदस्यों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की गई। जिला समन्वयक रामविलास जांगिड़ ने वीसी के माध्यम से चुनावी साक्षरता से संबंधित गतिविधियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वीसी में समर्पित सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं तहसीलदार केकड़ी सत्यनारायण लोहार, सीबीईओ, एसीबीईओ सहित सभी 17 राजकीय एवं गैर-राजकीय कॉलेजों के प्राचार्य तथा 167 विद्यालयों के संस्था प्रधान शामिल हुए।
बैठक में चुनावी साक्षरता बढ़ाने के लिए स्वीप गतिविधियों के आयोजन, ईएलसी रजिस्ट्रेशन तथा विद्यार्थियों को ईएलसी से जोड़ने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विद्यार्थियों को चुनावी प्रक्रिया एवं मतदान के महत्व की जानकारी देने तथा उन्हें जागरूक मतदाता बनाने पर जोर दिया गया।
वीसी में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि विद्यार्थी स्वयं तथा अपने परिवार के सदस्यों को बिना किसी भय, लोभ-लालच और जाति-धर्म के भेदभाव से ऊपर उठकर स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान के लिए प्रेरित करें। साथ ही चार प्रकार के ईएलसी के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं को चुनावी गतिविधियों से जोड़ने की जानकारी दी गई।
वीसी में स्वीप टीम के जयकांत शर्मा, अनुज शर्मा, रमेश माली, जितेश माली, गोपाल धाकड़, बनवारी लाल शर्मा एवं सूर्य प्रकाश सिकवाल भी शामिल हुए।