
नायकी गांव के नर्सिंग कॉलेज में एनएसएस शिविर के तहत जागरूकता कार्यक्रम, स्वयंसेवकों ने किया श्रमदान
केकड़ी, 17 अक्टूबर। राजकीय महाविद्यालय केकड़ी की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन शनिवार को नायकी गांव स्थित राजकीय नर्सिंग मॉडल कॉलेज में स्वच्छता अभियान और नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर के तहत स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया, वहीं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में एनएसएस स्वयंसेवकों ने नर्सिंग कॉलेज परिसर में सघन स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया। इसके बाद दूसरे सत्र में एनएसएस इकाई और नई किरण नशा मुक्ति केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में ‘नशा समाज का अभिशाप’ विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। स्वयंसेवक स्नेहल, मनीषा, जयवर्धन, कुलदीप, दानिश, दशरथ, हेमलता और तबस्सुम ने अभिनय के माध्यम से नशे की लत से होने वाले दुष्परिणामों को उजागर करते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य कन्हैया लाल टेलर ने नशे को सामाजिक अभिशाप बताते हुए कहा कि इसके दुष्प्रभाव व्यक्ति के साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करते हैं। नर्सिंग ट्यूटर अंकित उपाध्याय ने चिकित्सीय दृष्टिकोण से नशे की लत की प्रक्रिया समझाते हुए कहा कि नशे की गिरफ्त में आए व्यक्तियों को तिरस्कार की नजर से देखने के बजाय उनकी समस्या को समझना चाहिए और नशा छोड़ने में सहयोग करना चाहिए।इस दौरान अनुप्रिया और राहुल ने भी नशे से बचाव के उपायों पर विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम प्रभारी डॉ. आनंद पाराशर ने प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से नशामुक्त जीवन का महत्व बताया तथा कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया।कार्यक्रम के समापन पर राजकीय महाविद्यालय केकड़ी के एनएसएस स्वयंसेवकों सहित नर्सिंग कॉलेज के जीएनएम (GNM) और एएनएम (ANM) विद्यार्थियों को जीवन में कभी नशा नहीं करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।इस अवसर पर नई किरण नशा मुक्ति केंद्र की उपसंयोजक एकता नेहरा, असिस्टेंट प्रोफेसर पुष्पेंद्र यादव, नर्सिंग ट्यूटर अनीता जांगिड़, दुर्गेश चौहान, दिलीप साहू और मधु सिंगला सहित दोनों महाविद्यालयों के संकाय सदस्य एवं स्टाफ उपस्थित रहे।
