गांव में रैली निकालकर प्रशासन व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ की नारेबाजी, ज्ञापन देने के बावजूद समाधान नहीं होने से आक्रोश
केकड़ी 18 अक्टूबर-जल जीवन मिशन के तहत घर-घर पेयजल कनेक्शन नहीं मिलने से नाराज मेवदाकला ग्राम पंचायत की चोसला कॉलोनी के ग्रामीणों ने पंचायत राज चुनाव 2026 के बहिष्कार का ऐलान कर दिया है। रविवार शाम को कॉलोनी के युवाओं ने गांव में रैली निकालकर क्षेत्रीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने 22 अक्टूबर को पंचायत समिति सदस्य व जिला परिषद सदस्य तथा 24 अक्टूबर को वार्ड पंच व सरपंच पद के लिए होने वाले चुनावों का बहिष्कार करने का निर्णय दोहराया।
ग्रामीणों का आरोप है कि मेवदाकला ग्राम पंचायत में जल जीवन मिशन के तहत लगभग सभी वार्डों में घर-घर पेयजल कनेक्शन दे दिए गए, लेकिन चोसला कॉलोनी को इससे वंचित रखा गया है। एक ही ग्राम पंचायत के एक वार्ड में कनेक्शन नहीं दिए जाने से ग्रामीणों में भेदभाव को लेकर नाराजगी है। उनका कहना है कि जलदाय विभाग की लापरवाही के कारण कॉलोनी के लोगों को नियमित पेयजल सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है।ग्रामीणों ने बताया कि समस्या के समाधान की मांग को लेकर अजमेर जिला कलेक्टर को पत्र भेजकर चोसला कॉलोनी को जल जीवन मिशन से जोड़ने की मांग की गई थी। इसके अलावा केकड़ी उपखंड अधिकारी को भी ज्ञापन सौंपा गया। ग्रामीणों का कहना है कि इसके बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। प्रशासनिक स्तर पर सुनवाई नहीं होने से लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा हैकॉलोनीवासियों के अनुसार क्षेत्र में आए दिन ।पेयजल संकट बना रहता है। जल जीवन मिशन के तहत कनेक्शन नहीं मिलने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत के अन्य वार्डों में कनेक्शन दिए जाने के बावजूद चोसला कॉलोनी को छोड़ना न्यायसंगत नहीं है।ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक चोसला कॉलोनी को जल जीवन मिशन के तहत घर-घर पेयजल कनेक्शन से जोड़ने की ठोस पहल नहीं होती, तब तक वे पंचायत राज चुनाव में भाग नहीं लेंगे। अब देखना होगा कि मतदान से पहले प्रशासन ग्रामीणों की पेयजल समस्या का समाधान करने के लिए क्या कदम उठाता है।


मेवदाकला की चोसला कॉलोनी में जल जीवन मिशन के तहत घर-घर पेयजल कनेक्शन नहीं मिलने के विरोध में रैली निकालकर प्रदर्शन करते ग्रामीण एवं युवा ।