
जेएमडी ग्रुप के डांडिया उत्सव में गुजराती-राजस्थानी लोकगीतों पर झूमे महिला-पुरुष और युवतियां, अतिथियों का राजस्थानी परंपरा से किया स्वागत
केकड़ी। शहर के अजमेर रोड स्थित शिव कॉलोनी एवं जगदीश कॉलोनी में जेएमडी ग्रुप की ओर से आयोजित डांडिया उत्सव में भक्ति, संस्कृति और उल्लास का संगम देखने को मिल रहा है। मां भगवती की आराधना के नौ दिवसीय महोत्सव के तहत आयोजित कार्यक्रम में महिला-पुरुष और युवतियां विभिन्न पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर डांडिया रास की प्रस्तुतियां दे रहे हैं। ढोलकी की थाप, आकर्षक रोशनी और गुजराती व राजस्थानी लोकगीतों की मधुर धुनों के बीच देर रात तक डांडिया की खनक गूंज रही है।
उत्सव में कॉलोनीवासियों का उत्साह देखते ही बन रहा है। पारंपरिक गीतों की धुन पर डांडिया खेलते प्रतिभागी भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं की छटा बिखेर रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने के साथ समाज में प्रेम, भाईचारे, सामाजिक एकता एवं समरसता को मजबूत करना है। महोत्सव के माध्यम से विभिन्न आयु वर्ग के लोग एक मंच पर एकत्रित होकर धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए हुए हैं।
कार्यक्रम में पहुंचे अतिथि रामस्वरूप शर्मा, शिवदत्त सिंह गौड़, प्रहलाद दत्त शर्मा, गोपीलाल धोबी, रमेश वैष्णव, हीरालाल मीणा, भानु प्रकाश शर्मा, सीताराम मीणा, रमेशचंद शर्मा, सुमर सिंह, जितेंद्र सिंह, जगमोहन माली एवं अनिल शर्मा सहित अन्य अतिथियों का राजस्थानी परंपरा के अनुसार तिलक लगाकर, साफा एवं माला पहनाकर स्वागत-सम्मान किया गया।

इस दौरान जेएमडी ग्रुप के सदस्य दीपक सैनी, रोहित जैन, पीयूष धोबी, दिलखुश, अंशुमान गौड़, मन्नू, अर्णव शर्मा, दीपक, अक्षय तेली एवं रोहित टाक ने अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन रुचिका शर्मा एवं गीता कुमावत द्वारा किया जा रहा है। डांडिया उत्सव के जरिए कॉलोनी में धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक उल्लास और सामाजिक सौहार्द का वातावरण बना हुआ है।