

15 साल पुरानी टंकी से लगातार पानी का रिसाव, रास्ते से गुजरने वाले ग्रामीणों और बालिका विद्यालय के निर्माण स्थल के पास मंडरा रहा खतरा
केकड़ी 16 नवंबर
ग्राम देवगांव के सोलाई की पाल नीचे स्थित उच्च जलाशय की टंकी से लगातार पानी का रिसाव हो रहा है। टंकी की स्थिति जर्जर होने के कारण पानी दिनभर झरने की तरह बहता रहता है। इससे एक ओर पानी की बर्बादी हो रही है, वहीं दूसरी ओर आसपास से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने बताया कि इस उच्च जलाशय का निर्माण करीब 15 वर्ष पूर्व करवाया गया था। वर्तमान में टंकी की हालत खराब हो चुकी है और इससे लगातार पानी टपक रहा है। टंकी के समीप राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय देवगांव का निर्माण कार्य भी चल रहा है। ऐसे में टंकी की जर्जर स्थिति और लगातार बहते पानी से किसी भी समय हादसा होने की आशंका बनी हुई है।ग्रामीणों का कहना है कि टंकी से बहने वाला पानी रास्ते में फैलने के कारण आवागमन में भी परेशानी होती है। इस समस्या को लेकर जलदाय विभाग के अधिकारियों को दूरभाष पर मौखिक रूप से अवगत भी करवाया जा चुका है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से टंकी का निरीक्षण करवाकर मरम्मत कराने तथा पानी के अनावश्यक बहाव को रोकने की मांग की है।