दो पंचायत समितियों में भाजपा का बहुमत, लेकिन कुल सीटों में कांग्रेस का दबदबा

केकड़ी में एक वोट से बची भाजपा की सत्ता, सावर में करारी शिकस्त; पंचायत चुनाव के नतीजों ने 2028 के लिए दिए सियासी संकेत


केकड़ी विधानसभा क्षेत्र की तीन पंचायत समितियों के चुनाव परिणामों ने भले ही भाजपा को दो जगह प्रधान बनाने का अवसर दिया हो, लेकिन कुल चुनावी आंकड़े पार्टी के लिए आत्ममंथन का संकेत दे रहे हैं। सत्ता के बहुमत के गणित में भाजपा आगे जरूर रही, लेकिन कुल सीटों के आंकड़ों में कांग्रेस ने बढ़त बनाकर अपनी राजनीतिक ताकत का अहसास करा दिया है। ऐसे में इन नतीजों को भाजपा की जीत के जश्न तक सीमित करना राजनीतिक भूल हो सकती है। पंचायत चुनाव ने 2028 के विधानसभा चुनाव की सियासी जमीन के कई संकेत अभी से सामने रख दिए हैं।

केकड़ी विधानसभा क्षेत्र की सावर, केकड़ी और सरवाड़ पंचायत समितियों के कुल 45 वार्डों में भाजपा को 18 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस ने 26 सीटों पर जीत दर्ज की। एक सीट निर्दलीय प्रत्याशी के खाते में गई, जिसे कांग्रेस का बागी बताया जा रहा है। वहीं, केकड़ी जिला परिषद के आठ वार्डों में कांग्रेस ने पांच और भाजपा ने तीन सीटों पर जीत हासिल की। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि पंचायत समितियों में प्रधान बनाने के बहुमत के बावजूद कुल जनसमर्थन के मामले में कांग्रेस ने भाजपा को पीछे छोड़ा है।



एक वोट ने बचाई भाजपा की नैया—केकड़ी पंचायत समिति में भाजपा की सत्ता का गणित बेहद दिलचस्प रहा। वार्ड नंबर 2 में महज एक वोट के अंतर से मिली जीत ने भाजपा को बहुमत के आंकड़े तक पहुंचाने में निर्णायक भूमिका निभाई। इस एक सीट के अंतर ने भाजपा की प्रधान बनाने की राह आसान कर दी। इसे भाजपा की जीत जरूर माना जाएगा, लेकिन जीत का इतना करीबी अंतर पार्टी के लिए चिंता का विषय भी है। दूसरी ओर सावर पंचायत समिति में भाजपा का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा। यहां 15 में से भाजपा को केवल एक सीट मिली, जबकि कांग्रेस ने 13 सीटों पर जीत दर्ज की और एक सीट निर्दलीय प्रत्याशी के खाते में गई। सरवाड़ पंचायत समिति में भाजपा ने नौ सीटें जीतकर अपना दबदबा कायम रखा। इस तरह तीनों पंचायत समितियों में भाजपा दो जगह बहुमत हासिल करने में सफल रही, जबकि कांग्रेस को एक पंचायत समिति में स्पष्ट बहुमत मिला।

केकड़ी जिला समाप्ति का मुद्दा बना चुनौती—चुनावी नतीजों के पीछे स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों को भी अहम माना जा रहा है। इनमें सबसे प्रमुख मुद्दा केकड़ी जिले को समाप्त किए जाने का है। जिले की बहाली को लेकर क्षेत्र में उपजा असंतोष भाजपा के लिए नुकसानदेह साबित हुआ हो सकता है। इसके साथ ही विधायक शत्रुघ्न गौतम को लेकर पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं की नाराजगी, संगठन और जनप्रतिनिधि के बीच बढ़ती दूरी तथा स्थानीय स्तर पर संगठनात्मक असंतोष की चर्चाएं भी चुनावी परिणामों के विश्लेषण में सामने आ रही हैं।

अंदरखाने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर अधिक भरोसा किए जाने की चर्चाओं ने भी भाजपा के परंपरागत कार्यकर्ताओं के बीच असहजता पैदा की। वहीं, विधानसभा चुनाव 2023 में भाजपा के साथ मजबूती से खड़े रहे गुर्जर मतदाताओं का एक वर्ग फिर कांग्रेस की ओर जाता दिखाई दिया। विकास कार्यों को लेकर किए गए दावों और धरातल पर उनकी रफ्तार के बीच अंतर भी चुनाव में चर्चा का विषय रहा।

कांग्रेस को 2028 के लिए मिला संबल—इन चुनाव परिणामों ने कांग्रेस को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए नई ऊर्जा दी है। सावर में कांग्रेस की एकतरफा बढ़त, केकड़ी में भाजपा को मिली कड़ी चुनौती और जिला परिषद के पांच वार्डों में जीत पार्टी के लिए उत्साहजनक संकेत हैं। हालांकि, कांग्रेस के सामने इस जनसमर्थन को स्थायी राजनीतिक ताकत में बदलने और संगठन को मजबूत बनाए रखने की चुनौती भी रहेगी।

बहुमत की खुशी या आत्ममंथन की जरूरत?—अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि विधायक शत्रुघ्न गौतम और भाजपा संगठन इन नतीजों से क्या सबक लेते हैं। क्या कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर होगी? क्या केकड़ी जिला बहाली के मुद्दे पर ठोस पहल होगी? क्या विकास कार्यों में तेजी लाकर जनता का विश्वास फिर मजबूत किया जाएगा?

विधानसभा चुनाव 2028 में अभी समय है, लेकिन पंचायत चुनाव के नतीजों ने भाजपा को अपनी रणनीति सुधारने का अवसर दे दिया है। दो पंचायत समितियों में बहुमत की खुशी अपनी जगह है, मगर कुल सीटों में कांग्रेस की बढ़त और केकड़ी में एक वोट से बची सत्ता को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। यह परिणाम भाजपा के लिए जीत के साथ चेतावनी भी हैं। आने वाले समय में पार्टी इस चेतावनी को कितना गंभीरता से लेती है, इसी पर केकड़ी विधानसभा क्षेत्र की आगामी राजनीतिक दिशा काफी हद तक निर्भर करेगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *