
केशव विद्यापीठ महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, कविता, भाषण, स्लोगन और लघु नाटिका के जरिए दिया नशामुक्ति का संदेश
केकड़ी, 20 नवंबर।केशव विद्यापीठ महाविद्यालय, केकड़ी की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई की ओर से विकसित भारत नशा मुक्ति अभियान के तहत नशा मुक्ति जागरूकता एवं संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नशे के दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. मुकेश माथुर एवं महाविद्यालय प्राचार्य मोनू शर्मा की उपस्थिति में मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद आयोजित कविता पाठ, स्लोगन एवं भाषण प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनाओं और विचारों के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत लघु नाटिका रही। नाटिका के माध्यम से नशे की लत से व्यक्ति के स्वास्थ्य, मानसिक स्थिति, पारिवारिक जीवन और सामाजिक प्रतिष्ठा पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया गया। प्रस्तुति ने उपस्थित विद्यार्थियों को नशे के गंभीर परिणामों के प्रति सोचने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि डॉ. मुकेश माथुर ने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य और उनके स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती है। नशे की शुरुआत शौक के रूप में होती है, लेकिन धीरे-धीरे यह व्यक्ति के जीवन को प्रभावित करने लगती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से पूरी तरह दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
महाविद्यालय प्राचार्य मोनू शर्मा ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक गतिविधियों, शिक्षा, खेल और रचनात्मक कार्यों में लगानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जागरूक युवा ही नशामुक्त एवं सशक्त भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। उपस्थित विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर प्राचार्य मोनू शर्मा ने मुख्य अतिथि डॉ. मुकेश माथुर को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन श्री चौधरी ने किया। इस अवसर पर आशीष लक्ष्यकर, प्रहलाद कुमावत, चंद्र प्रकाश शर्मा, धनराज मीणा, सुरेश मीणा, परवीन बानो, श्वेता पंचोली, दिनेश जैन सहित महाविद्यालय के संकाय सदस्य, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में नशे के विरुद्ध जागरूकता बढ़ाने के साथ स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
