
केकड़ी। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर की ओर से आयोजित 39वीं अंतर महाविद्यालय पुरुष वॉलीबॉल प्रतियोगिता में केशव विद्यापीठ महाविद्यालय, केकड़ी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता का आयोजन गांधी शिक्षण प्रशिक्षण महाविद्यालय, गुलाबपुरा में किया जा रहा है। प्रतियोगिता के तहत केशव विद्यापीठ की टीम ने पहले मुकाबले में एएसटी कॉलेज, गंगापुर को शिकस्त दी। इसके बाद खेले गए अहम मुकाबले में प्रताप सिंह बारहट राजकीय महाविद्यालय, शाहपुरा को पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
टीम की इस सफलता पर महाविद्यालय प्रबंधन समिति ने खिलाड़ियों एवं टीम मैनेजर विशाल सेन को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की। समिति ने उम्मीद जताई कि टीम आगामी मुकाबलों में भी जीत का सिलसिला जारी रखते हुए महाविद्यालय का नाम रोशन करेगी।