केकड़ी विधानसभा की तीनों पंचायत समितियों में प्रधान के चुनाव आज, सुबह 10 बजे से नामांकन

तीनों पंचायत समितियों में सियासी हलचल तेज, आज खुलेंगे भाजपा-कांग्रेस के पत्ते; प्रधान पद के दावेदारों पर टिकी नजरें

केकड़ी। केकड़ी विधानसभा क्षेत्र की तीनों पंचायत समितियों के प्रधान पद के चुनाव आज होंगे। शुक्रवार सुबह 10 बजे से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। इसके साथ ही भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों की ओर से प्रधान पद के उम्मीदवारों के नाम सामने आएंगे। तीनों पंचायत समितियों में प्रधान पद को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।

केकड़ी पंचायत समिति में प्रकाश कंवर के नाम की चर्चा

केकड़ी पंचायत समिति में भाजपा के पास 15 में से 8 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत है, जबकि कांग्रेस के खाते में 7 सीटें आई हैं। प्रधान पद के लिए प्रकाश कंवर के नाम की चर्चा है। अब भाजपा की ओर से अधिकृत प्रत्याशी की घोषणा पर सबकी निगाहें रहेंगी।

सावर में कांग्रेस की दुर्गा देवी गुर्जर का नाम चर्चा में

सावर पंचायत समिति में चुनावी गणित भाजपा के मुकाबले कांग्रेस के पक्ष में है। यहां कांग्रेस के पास 13 सीटें हैं, जबकि भाजपा को मात्र एक सीट मिली है और एक सीट निर्दलीय के खाते में गई है। प्रधान पद के लिए कांग्रेस की दुर्गा देवी गुर्जर का नाम चर्चा में है।

सरवाड़ में नर्मदा देवी जाट और दूदाराम की दावेदारी

सरवाड़ पंचायत समिति में भाजपा के पास 9 सीटें और कांग्रेस के पास 6 सीटें हैं। यहां प्रधान पद के लिए दूदाराम कीर और नर्मदा देवी जाट के नाम दावेदारों के रूप में सामने आए हैं। नर्मदा देवी जाट के नाम पर भाजपा की अंतिम मुहर लगने की चर्चा है।

तीनों पंचायत समितियों में सुबह 10 बजे नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के बाद राजनीतिक तस्वीर और स्पष्ट होगी। अब सबकी नजरें दोनों प्रमुख दलों की उम्मीदवारों की घोषणा और प्रधान पद के चुनाव पर टिकी हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *