
केकड़ी, 5 अगस्त सावर क्षेत्र में स्थानीय जनसमस्याओं और राम मंदिर के नाम पर हुई कथित चंदा चोरी के विरोध में बुधवार को कांग्रेस पार्टी ने विशाल विरोध प्रदर्शन कर राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। प्रदर्शन में पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक डॉ. रघु शर्मा, किशनगढ़ विधायक विकास चौधरी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में आमजन ने भाग लिया। पूरे कस्बे में रैली निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई और बाद में आयोजित जनसभा में सरकार की कार्यशैली, कानून व्यवस्था तथा स्थानीय विकास के मुद्दों को लेकर जमकर निशाना साधा गया।
जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक डॉ. रघु शर्मा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियां चरम पर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आस्था के नाम पर राजनीति कर रही है और राम मंदिर के नाम पर एकत्रित चंदे में कथित गड़बड़ी के मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता अब सरकार की कथनी और करनी का अंतर समझ चुकी है तथा आने वाले समय में इसका जवाब देगी।

किशनगढ़ विधायक विकास चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान राज्य सरकार जनता की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों की बजाय आंतरिक गुटबाजी में उलझी हुई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, पेयजल, बिजली, चिकित्सा, शिक्षा सहित अनेक समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं, लेकिन सरकार इन पर ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आमजन को राहत देने के बजाय सरकार केवल राजनीतिक प्रबंधन में व्यस्त है।नेताओं ने कहा कि यदि स्थानीय समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तथा राम मंदिर चंदा मामले की पारदर्शी जांच नहीं कराई गई, तो कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर आंदोलन को और तेज करेगी। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस पीछे हटने वाली नहीं है।

प्रदर्शन और जनसभा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की तथा बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी से कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया।इस अवसर पर अजमेर डेयरी अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी, नाथूराम सिसोदिया, नसीम अख्तर, शिव प्रकाश गुर्जर, सागर शर्मा सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।