पंप हाउस पर कर्मचारियों का प्रदर्शन, वेतन व एरियर भुगतान की मांग

मेवदाकला से केकड़ी रोड़ पंप हाउस पर वेतन व एरियर भुगतान की मांग को लेकर प्रदर्शन करते जीए इंफ्रा कंपनी के श्रमिक।

केकड़ी 13 अगस्त – मेवदाकला से केकड़ी रोड़ पंप हाउस पर जीए इंफ्रा कंपनी के कार्यालय श्रमिकों ने वेतन एवं एरियर भुगतान को लेकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने पिछले चार माह के बकाया एरियर तथा जुलाई माह से लागू बढ़े हुए वेतन का भुगतान करने की मांग उठाई।
राजस्थान संयुक्त कर्मचारी एवं मजदूर महासंघ, संभाग अजमेर के संभागीय अध्यक्ष सीताराम वैष्णव ने बताया कि कर्मचारियों का वेतन एवं बढ़े हुए वेतन का एरियर लंबे समय से बकाया है। कर्मचारियों की मांग है कि बकाया राशि का शीघ्र भुगतान किया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
इधर, कर्मचारियों की मांग के संबंध में जीए इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड की ओर से सीताराम वैष्णव को भेजे गए पत्र में बताया गया कि कर्मचारियों के वेतन एवं पिछले तीन माह के बढ़े हुए वेतन के एरियर का भुगतान कंपनी की ओर से बैंक को समय पर भेज दिया गया है। फिलहाल बैंक स्तर पर भुगतान प्रक्रिया लंबित है।कंपनी के अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता सूरज खंडेलवाल ने पत्र में विश्वास जताया कि बैंकिंग प्रक्रिया के अनुसार 13 अगस्त की रात तक सभी संबंधित कर्मचारियों के बैंक खातों में वेतन एवं तीन माह का एरियर जमा हो जाएगा। कंपनी ने कर्मचारियों से शांति एवं सहयोग बनाए रखने तथा बैंक प्रक्रिया पूरी होने तक कार्य बहिष्कार का निर्णय स्थगित करने का अनुरोध किया है।
वहीं, कर्मचारियों का कहना है कि बकाया भुगतान खातों में जमा होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने लंबित वेतन एवं एरियर का जल्द से जल्द भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *