

भाजपा-कांग्रेस के साथ आरएलपी ने भी उतारे प्रत्याशी, निर्दलीयों की मौजूदगी से कई वार्डों में मुकाबला रोचक
उमाशंकर वैष्णव | केकड़ी।
पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर केकड़ी पंचायत समिति क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पंचायत समिति के सभी 15 वार्डों में सदस्य पद के लिए नामांकन प्रक्रिया के बीच राजनीतिक दलों ने अपने प्रत्याशियों को मैदान में उतारना शुरू कर दिया है। निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, 12 अक्टूबर तक कुल 47 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। भाजपा और कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबले के साथ राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) तथा निर्दलीय प्रत्याशियों की मौजूदगी ने चुनावी समीकरणों को दिलचस्प बना दिया है।
भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर के आसार–पंचायत समिति के वार्डों में भाजपा और कांग्रेस दोनों ने प्रत्याशी उतारे हैं। वहीं आरएलपी ने भी कई वार्डों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। कुछ वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी नामांकन दाखिल कर मुकाबले को बहुकोणीय बनाने के संकेत दिए हैं। ऐसे में प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि किस वार्ड में सीधा मुकाबला रहेगा और कहां चुनावी गणित उलझेगा।
वार्डों में दिखने लगा चुनावी मुकाबला–नामांकन के उपलब्ध विवरण के अनुसार वार्ड संख्या 6 में भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल किया है। इसी प्रकार वार्ड 13 में भाजपा, कांग्रेस, आरएलपी और निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में हैं। वार्ड 5, 8, 10, 11 और 12 में भी अलग-अलग राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों ने दावेदारी पेश की है। वार्ड 2, 7 और 15 में भी एक से अधिक दलों के प्रत्याशियों के नामांकन सामने आए हैं।वार्ड 1, 3, 4, 9 और 14 में भी राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों ने चुनावी दावेदारी पेश की है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने और जांच के बाद प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट होने पर मुकाबले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।
निर्दलीय भी बिगाड़ सकते हैं समीकरण–कई वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों के नामांकन से राजनीतिक दलों की चिंता बढ़ सकती है। स्थानीय स्तर पर प्रत्याशी की व्यक्तिगत छवि, जातीय समीकरण, ग्रामीण संपर्क और विकास कार्यों को लेकर मतदाताओं की राय चुनाव परिणाम को प्रभावित कर सकती है। पंचायत समिति सदस्य का चुनाव ग्रामीण क्षेत्रों में राजनीतिक दलों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल भी माना जा रहा है।
अब नामांकन जांच और नाम वापसी पर नजर–राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पंचायत समिति केकड़ी के वार्डों के लिए निर्वाचन की लोकसूचना 8 अक्टूबर को जारी की गई थी। इसके साथ ही उपखंड कार्यालय केकड़ी में नामांकन पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू हुई। 12 अक्टूबर तक 47 नामांकन पत्र मिलने के बाद अब प्रत्याशियों की वैधता, नाम वापसी और अंतिम चुनाव मैदान में रहने वाले उम्मीदवारों पर नजर रहेगी।