केकड़ी, 26 जुलाई। केकड़ी विधानसभा के पूर्व विधायक एवं पूर्व चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा का जन्मदिन रविवार को सरवाड़ स्थित बंक्यारानी मंदिर परिसर में धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में केकड़ी विधानसभा क्षेत्र से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक पहुंचे और डॉ. शर्मा को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर डॉ. रघु शर्मा ने अपनी पत्नी एवं युवा नेता सागर शर्मा के साथ कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में केक काटकर जन्मदिन मनाया। समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं ने “रघु शर्मा जिंदाबाद” और “सागर भैया जिंदाबाद” के नारों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।अपने संबोधन में डॉ. रघु शर्मा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर राजनीतिक तंज कसते हुए कहा, “मैं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से कहना चाहता हूं कि आपको कसम है, आपके आदमी को यहीं से ही वापस चुनाव लड़वाना।”उन्होंने आगे कहा कि उनके मन में तीन बातें हैं। पहली, भजनलाल शर्मा पूरे पांच साल मुख्यमंत्री बने रहें। दूसरी, केकड़ी विधानसभा से भाजपा का उम्मीदवार वही रहे। और तीसरी, मुख्यमंत्री चुनाव प्रचार के दौरान केकड़ी जरूर आएं।

डॉ. शर्मा के इस बयान को आगामी विधानसभा चुनावों के संदर्भ में भाजपा पर राजनीतिक कटाक्ष के रूप में देखा जा रहा है। जन्मदिन समारोह में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को शक्ति प्रदर्शन का भी रूप दिया।
