8 साल से रुके तबादलों पर फूटा शिक्षकों का गुस्सा, प्रदेशभर में आंदोलन की चेतावनी

लेवल-प्रथम शिक्षकों ने मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री के नाम सौंपे ज्ञापन, वरिष्ठता आधारित स्थानांतरण नीति लागू करने की मांग


केकड़ी, 3 अगस्त। राजस्थान में पिछले आठ वर्षों से प्राथमिक अध्यापक लेवल-प्रथम के स्थानांतरण नहीं होने से नाराज शिक्षकों ने अब सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को प्राथमिक अध्यापक लेवल-प्रथम शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के नाम केकड़ी, सरवाड़, भिनाय और सावर उपखंड कार्यालयों में संबंधित उपखंड अधिकारियों के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर शीघ्र स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।
राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) के जिला अध्यक्ष शत्रुघ्न सिंह राठौड़ (अलाम्बू) ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा पिछले आठ वर्षों से प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत लेवल-प्रथम शिक्षकों के तबादले नहीं किए गए हैं। लगातार स्थानांतरण प्रक्रिया बंद रहने से हजारों शिक्षक वर्षों से अपने परिवार से दूर सेवा देने को मजबूर हैं, जिससे उन्हें मानसिक, सामाजिक और पारिवारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में सरकार से मांग की गई कि वरिष्ठता के आधार पर पारदर्शी एवं न्यायसंगत स्थानांतरण नीति लागू कर जल्द से जल्द तबादले किए जाएं। संघ ने कहा कि अनेक शिक्षक अपने बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल नहीं कर पा रहे हैं, जबकि पति-पत्नी दोनों अलग-अलग विद्यालयों में कार्यरत होने से पारिवारिक जीवन भी प्रभावित हो रहा है। ऐसे मामलों में पति-पत्नी को प्राथमिकता के आधार पर एक ही स्थान पर पदस्थापित किया जाए।
शिक्षक संघ ने चेतावनी दी कि यदि लंबे समय से लंबित स्थानांतरण प्रक्रिया जल्द शुरू नहीं की गई तो शिक्षकों में असंतोष और बढ़ेगा। सरकार को शिक्षकों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करते हुए शीघ्र स्थानांतरण आदेश जारी करने चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान श्योजीराम गुर्जर, मंगेज कुमार, उस्मान, रेणुका, महेश गुजराती, कमल कुमार, शुभम जग्गा, सुखराज सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *