
केकड़ी। स्थानीय राजकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में शुक्रवार को शिक्षक दिवस गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। समारोह की शुरुआत भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आनंद पाराशर ने डॉ. राधाकृष्णन के जीवन, व्यक्तित्व एवं शैक्षिक विचारों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। सहायक आचार्य डॉ. रजनी ने विद्यार्थी जीवन में गुरु की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि गुरु विद्यार्थियों को सही दिशा देने के साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर छात्रा स्नेहल ने भारत की समृद्ध गुरु-शिष्य परंपरा पर अपने विचार व्यक्त किए। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) के.एल. मीणा ने अध्यक्षीय उद्बोधन में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि गुरुजनों से प्रेरणा लेकर विद्यार्थियों को अपने करियर और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर मेहनत करनी चाहिए।
कार्यक्रम में सहायक प्रोफेसर तनु बसवाल, प्रवीण वर्मा एवं पुष्पेंद्र यादव सहित महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य, बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।