सेवा, संस्कार और संगठन विस्तार पर मंथन, केकड़ी में भारत विकास परिषद की प्रांतीय कार्यकारिणी बैठक संपन्न

केकड़ी, 26 जुलाई। भारत विकास परिषद राजस्थान मध्य प्रांत (उत्तर-पश्चिम क्षेत्र) की सत्र 2026-27 की द्वितीय प्रांतीय कार्यकारिणी बैठक रविवार को केकड़ी के निकट स्थित छाबड़िया फोर्ट में आयोजित हुई। बैठक में सेवा, संस्कार, संगठन विस्तार, पर्यावरण संरक्षण, महिला सहभागिता, सदस्यता अभियान तथा आगामी प्रांतीय कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई और भावी कार्ययोजना पर मंथन हुआ।
प्रांतीय मीडिया प्रभारी दिनेश वैष्णव ने बताया कि बैठक में अजमेर, भीलवाड़ा, ब्यावर एवं राजसमंद जिलों के प्रांतीय पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय पर्यवेक्षक एवं क्षेत्रीय संपर्क प्रमुख कमल किशोर व्यास, प्रांतीय अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी, प्रांतीय महासचिव आनंद सिंह राठौड़, प्रांतीय कोषाध्यक्ष अमित सोनी तथा प्रांतीय संगठन सचिव प्रशांत पाबूवाल ने भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर तथा वंदेमातरम् के साथ किया।

केकड़ी के छाबड़िया फोर्ट में आयोजित भारत विकास परिषद की प्रांतीय कार्यकारिणी बैठक।

प्रांतीय महासचिव आनंद सिंह राठौड़ ने प्रथम कार्यकारिणी बैठक की कार्यवाही का अनुमोदन प्रस्तुत करते हुए त्रैमासिक गतिविधियों की समीक्षा की। प्रांतीय कोषाध्यक्ष अमित सोनी ने आय-व्यय एवं वित्तीय व्यवस्था का प्रतिवेदन रखा।
बैठक में जिला समन्वयकों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। अजमेर की 16, भीलवाड़ा की 17, ब्यावर की 8 तथा राजसमंद की शाखाओं की गतिविधियों की जानकारी साझा की गई। प्रांतीय संपर्क संयोजक अजय सोमानी ने बताया कि प्रांत की 46 शाखाओं में संपर्क गतिविधियों को और अधिक मजबूत किया जा रहा है।
प्रांतीय सेवा संयोजक सर्वेश विजय ने रक्तदान, नेत्रदान, देहदान, सामूहिक विवाह, नशा मुक्ति, गौसेवा एवं जरूरतमंद परिवारों की सहायता जैसे सेवा कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि सेवा पखवाड़े के दौरान 27 शाखाओं ने उल्लेखनीय कार्य किए, जिनमें केकड़ी शाखा की देहदान जागरूकता गतिविधि विशेष रूप से सराहनीय रही।
महिला सहभागिता संयोजक शारदा चेचानी ने आत्मनिर्भर भारत अभियान में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी दी, जबकि रिंकू सोमानी ने ‘बेटी बसाओ–बेटी बढ़ाओ’ अभियान की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। प्रांतीय पर्यावरण संयोजक राजेश कामदार ने पौधारोपण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

बैठक में सेवा, संस्कार और संगठन विस्तार पर चर्चा करते पदाधिकारी।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 31 अगस्त 2026 को शाखा स्तर पर ‘अखिल भारतीय भारत को जानो’ लिखित प्रतियोगिता आयोजित होगी, जबकि इसकी प्रांतीय स्तरीय प्रतियोगिता 18 अक्टूबर 2026 को शाहपुरा में होगी।
सदस्यता अभियान की समीक्षा में बताया गया कि अजमेर जिले में 109 नए सदस्य बनाए गए हैं तथा 6 नई शाखाओं के लिए स्थान चयनित किए गए हैं। भीलवाड़ा एवं राजसमंद में भी नई शाखाओं के गठन की प्रक्रिया जारी है। प्रांत में कुल 14 नई शाखाएं गठित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
क्षेत्रीय पर्यवेक्षक कमल किशोर व्यास ने नशा मुक्ति अभियान को परिषद की प्रमुख प्राथमिकताओं में बताते हुए युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाने का आह्वान किया। समापन अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी ने सेवा, संस्कार और संगठन के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का संकल्प दोहराते हुए सभी शाखाओं से अधिक सक्रियता से कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में मध्य प्रांत के चारों जिलों से करीब 40 कार्यकारिणी सदस्यों ने भाग लिया। सफल आयोजन के लिए केकड़ी शाखा के अध्यक्ष बहादुर सिंह शक्तावत, सचिव रामनिवास जैन एवं कोषाध्यक्ष हीरालाल सामरिया का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *