केकड़ी. केकड़ी सदर थाना पुलिस ने वांछित एवं फरार अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए 10 वर्ष पुराने एनडीपीएस प्रकरण के फरार स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर जिलेभर में चालानशुदा, फरार, उद्घोषित, इनामी एवं स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील तथा वृत्ताधिकारी हर्षित शर्मा के सुपरविजन में केकड़ी सदर थानाधिकारी मुकेश गोरा के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेमसुख पुत्र हजारीलाल विश्नोई, निवासी कांकड़ा, थाना नोखा, जिला बीकानेर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध केकड़ी शहर थाने में दर्ज करीब 10 वर्ष पुराने एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में स्थायी वारंट जारी था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस टीम ने तकनीकी एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की।कार्रवाई में थानाधिकारी मुकेश गोरा, सहायक उपनिरीक्षक रमेश, कांस्टेबल हितेष तथा कांस्टेबल संदीप की विशेष भूमिका रही।
