थडोली पंप हाउस पर 33 केवी अतिरिक्त डेडिकेटेड फीडर लाइन चालू करने के लिए होगा शटडाउन

आज आठ घंटे बंद रहेगी शहर व गांवों की जलापूर्ति
केकड़ी 29 जुलाई -थडोली पंप हाउस पर 33 केवी की अतिरिक्त डेडिकेटेड फीडर लाइन को चालू करने के लिए गुरुवार को विद्युत शटडाउन लिया जाएगा। इसके चलते सुबह करीब 10 बजे से शाम 6 बजे तक केकड़ी शहर सहित आसपास के कई गांवों की पेयजल आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित रहेगी। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने लोगों से पहले से पानी का संग्रह करने और मितव्ययिता से उपयोग करने की अपील की है।जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिशाषी अभियंता विनोद यादव ने बताया कि जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की ओर से थडोली पंप हाउस के लिए 33 केवी की अतिरिक्त डेडिकेटेड फीडर लाइन का कार्य पूरा कर लिया गया है। इस नई लाइन को विद्युत तंत्र से जोड़ने एवं चालू करने के लिए 30 जुलाई को शटडाउन लेकर आवश्यक तकनीकी कार्य किया जाएगा।सहायक अभियंता योगेश कटारिया के अनुसार शटडाउन के दौरान बघेरा, जूनिया, केकड़ी, कादेड़ा, सावर और कुसायता पंप हाउस से जुड़ी ग्रामीण पेयजल योजनाओं की जलापूर्ति बंद रहेगी। इसके अलावा केकड़ी शहर की नियमित शहरी जलापूर्ति भी नहीं हो सकेगी।

उन्होंने बताया कि कार्य पूरा होने के बाद अतिरिक्त डेडिकेटेड फीडर लाइन शुरू होने से भविष्य में बिजली संबंधी बाधाओं का असर पेयजल आपूर्ति पर कम पड़ेगा तथा शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों को अधिक सुचारु और निर्बाध जलापूर्ति का लाभ मिलेगा।पीएचईडी ने नागरिकों से अपील की है कि वे शटडाउन की अवधि को देखते हुए आवश्यक पेयजल का पहले से संग्रह कर लें और पानी का उपयोग आवश्यकता अनुसार ही करें, ताकि असुविधा से बचा जा सके।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *