विधायक शत्रुघ्न गौतम के निर्देश पर निर्माण कार्यों की जांच,मेवदाकला में आरसीसी कॉलम भी तोड़कर दोबारा बनाने के आदेश।
केकड़ी 7 अगस्त -डीएमएफटी योजना के तहत क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से खिलवाड़ अब संवेदकों पर भारी पड़ रहा है। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की जांच और अनियमितताओं पर कार्रवाई के लिए विधायक शत्रुघ्न गौतम की ओर से दिए गए निर्देशों के बाद सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने विभिन्न गांवों में निर्माणाधीन विद्यालय भवनों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खामियां मिलने पर विभाग ने मौके पर ही सख्त कार्रवाई करते हुए घटिया निर्माण को तुड़वा दिया। अधिशासी अभियंता भीम सिंह मीणा ने मंडा, तितरिया और मेवदाकला गांव में निर्माणाधीन विद्यालय भवनों का निरीक्षण किया। मंडा में एक कक्षा-कक्ष, तितरिया में दो कक्षा-कक्ष एवं एक अतिरिक्त कक्षा-कक्ष तथा मेवदाकला में दो कक्षा-कक्षों के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांची गई। मंडा और तितरिया में निर्माण कार्यों में कमियां पाए जाने पर संबंधित संवेदकों को तत्काल आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए।

मेवदाकला में दीवार तुड़वाई, कॉलम भी होंगे ध्वस्त-मेवदाकला में निर्माणाधीन विद्यालय भवन के निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं बनाई गई ईंटों की दीवार को अधिशासी अभियंता ने मौके पर ही तुड़वा दिया। वहीं अनियमित तरीके से बनाए गए आरसीसी कॉलमों को भी दो दिवस के भीतर तोड़कर निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार दोबारा निर्माण करने के निर्देश दिए गए। संवेदक को सुधारात्मक कार्रवाई निर्धारित समय में पूरी कर इसकी सूचना विभाग को देने के लिए पाबंद किया गया।

उगानखेड़ा में चारदीवारी तुड़वाई, भराई में डीपीसी तुड़वाई-पीडब्ल्यूडी की ओर से उगानखेड़ा में डीएमएफटी फंड से निर्मित भवन में घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल पर कार्रवाई की गई। भवन की चारदीवारी को जेसीबी की सहायता से तुड़वाकर निर्धारित गुणवत्ता के अनुसार दोबारा निर्माण करने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार भराई में निर्माणाधीन भवन की डीपीसी का अलाइनमेंट गलत पाए जाने पर जेसीबी मशीन से तुड़वाकर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिशासी अभियंता भीम सिंह मीणा ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। विभाग की ओर से निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है और अनियमितता मिलने पर संबंधित संवेदकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इनका कहना है-राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत केकड़ी क्षेत्र में निर्माणाधीन विभिन्न कार्यों की गुणवत्ता जांच के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। किसी भी निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। निर्माण कार्यों की समय-समय पर समीक्षा भी की जाएगी। शत्रुघ्न गौतम, विधायक, केकड़ी
