गुरु वंदन छात्र अभिनंदन में शिक्षकों का सम्मान, छात्राओं को सिखाया जीवन बचाने का हुनर

गुरु वंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम में शिक्षकों का सम्मान करते भारत विकास परिषद महाराणा प्रताप शाखा के पदाधिकारी।

जूनियां। शिक्षक दिवस के अवसर पर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, जूनियां में भारत विकास परिषद महाराणा प्रताप शाखा केकड़ी की ओर से ‘गुरु वंदन छात्र अभिनंदन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों का सम्मान करने के साथ छात्राओं को व्यावहारिक जीवन कौशल से जोड़ने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के शिक्षकों का माल्यार्पण एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मान करने के साथ हुई। वहीं शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मेधावी छात्राओं नंदिनी लोहार, अंजलि हिनोनिया, सिमरन तंवर, अस्मिता आचार्य, दीक्षिता जैन, सुशीला, मीनाक्षी, अन्वेषा धाकड़, नंदिनी एवं प्रिया रेगर को सम्मानित किया गया।

छात्राओं को सीपीआर का लाइव डेमो देकर जीवनरक्षक तकनीक की जानकारी देते मास्टर ट्रेनर।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिसुसिटेशन) प्रशिक्षण रहा। मास्टर ट्रेनर चेतन पी. कुमावत एवं पुरुषोत्तम एन. शर्मा ने छात्राओं एवं शिक्षकों को आपातकालीन परिस्थितियों में सीपीआर देने की प्रक्रिया समझाई। लाइव डेमो के माध्यम से बताया गया कि अचानक हृदय गति रुकने अथवा सांस बंद होने की स्थिति में तत्काल सीपीआर देकर किस प्रकार व्यक्ति की जान बचाने में मदद की जा सकती है।

इस दौरान भारत विकास परिषद महाराणा प्रताप शाखा केकड़ी के अध्यक्ष विकास जैन, सचिव जगदीश पारीक, प्रकल्प प्रभारी अशोक लोहार एवं भगवान माहेश्वरी सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्रीधर जाट ने अतिथियों एवं भारत विकास परिषद महाराणा प्रताप शाखा केकड़ी की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों और जीवनरक्षक कौशल से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *