केकड़ी। पंचायत समिति केकड़ी की समस्त ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के आरक्षण का निर्धारण अब लॉटरी के जरिए किया जाएगा। राजस्थान पंचायती राज (निर्वाचन) नियम 1994 के प्रावधानों एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अजमेर के निर्देशानुसार पदों के आरक्षण एवं श्रेणीवार आवंटन की प्रक्रिया उपखंड स्तर पर पूरी की जाएगी।
उपखंड अधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सुरेश कुमार बलाई ने बताया कि सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा महिलाओं के लिए आरक्षित किए जाने वाले पदों का निर्धारण लॉटरी से होगा। इसके तहत सामान्य वर्ग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग की महिला आरक्षित सीटों का भी निर्धारण किया जाएगा।
इसके लिए 18 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे पंचायत समिति केकड़ी के सभागार भवन में बैठक आयोजित होगी। लॉटरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच के पदों की आरक्षण स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। इसके साथ ही संभावित चुनावी दावेदारों की तैयारियों और गांवों की राजनीतिक तस्वीर में भी बदलाव आने की संभावना है।
18 सितंबर को निकलेगी आरक्षण की लॉटरी, इसके बाद गांवों में चुनावी समीकरण नए सिरे से बनेंगे।
