
केकड़ी 28 सितंबर – केशव विद्यापीठ महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) सत्र 2026-27 के प्रथम एकदिवसीय शिविर का आयोजन एनएसएस इकाई के तत्वावधान में किया गया। शिविर के उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि राजकीय कन्या महाविद्यालय, सरवाड़ की सहायक आचार्य सुश्री तृप्ति बरवड़ रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की एनएसएस इकाई के कार्यक्रम प्रभारी विष्णु वैष्णव ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। मुख्य अतिथि सुश्री तृप्ति बरवड़ ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्व एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को ‘माय भारत’ पोर्टल पर अधिक से अधिक पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया। साथ ही पोर्टल के माध्यम से आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
एनएसएस कार्यक्रम प्रभारी विष्णु वैष्णव ने वर्षभर आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने स्वयंसेवकों से समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने और सामाजिक सरोकारों के प्रति जिम्मेदारी का निर्वहन करने का आह्वान किया।
शिविर के द्वितीय सत्र में स्वयंसेवकों ने योग एवं मेडिटेशन किया। इसके बाद सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया। सहायक आचार्य सोनू चौधरी ने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं बेहतर जीवन के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ पर्यावरण की स्वच्छता भी आवश्यक है।
कार्यक्रम में सहायक आचार्य आशीष लक्षकर, प्रहलाद कुमावत, परवीन बानो, श्वेता पंचोली, धनराज मीणा, सुरेश मीणा सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक एवं एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक आचार्य सोनू चौधरी ने किया।

