मजदूरी के लिए कॉलेज गेट पर बैठीं महिलाएं, रामधुनी से अधिकारियों को सद्बुद्धि की कामना

बकाया मजदूरी के भुगतान की मांग को लेकर राजकीय महाविद्यालय के मुख्य गेट पर रामधुनी करतीं महिला श्रमिक।


दोपहर में अधिकारियों के आश्वासन पर उठीं, कल तक भुगतान नहीं हुआ तो फिर कॉलेज गेट पर डालेंगी डेरा

केकड़ी, 28 सितंबर। राजकीय महाविद्यालय के निर्माण कार्य की बकाया मजदूरी का भुगतान नहीं होने से नाराज महिला श्रमिकों ने सोमवार सुबह कॉलेज के मुख्य द्वार पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। महिलाएं गेट पर बैठकर रामधुनी करती रहीं और अधिकारियों को सद्बुद्धि देने की कामना की। धरने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।

महिला श्रमिकों का कहना था कि वे लंबे समय से अपनी मेहनत की कमाई के लिए ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन अब तक भुगतान नहीं किया गया। श्रमिकों ने कहा कि मजदूरी अटकी होने के कारण परिवारों का रोजमर्रा का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है।

सालभर से भुगतान का इंतजार
श्रमिकों ने बताया कि बकाया मजदूरी को लेकर कई बार अजमेर जिला कलेक्टर, उपखंड अधिकारी सहित संबंधित विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य में छत और साइड की दीवारों की एमबी को लेकर भी विवाद बना हुआ है।दोपहर में सार्वजनिक निर्माण विभाग के एईएन अजीत सिंह चौधरी मौके पर पहुंचे और श्रमिकों से समझाइश की। श्रमिकों ने भुगतान की ठोस कार्रवाई के बिना धरने से उठने से इनकार कर दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद दोपहर में महिलाओं ने धरना समाप्त किया।

कल तक भुगतान नहीं हुआ तो फिर धरना
महिला श्रमिकों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि मंगलवार तक बकाया मजदूरी का भुगतान नहीं हुआ तो वे दोबारा कॉलेज के मुख्य गेट पर धरना शुरू करेंगी। जरूरत पड़ने पर आंदोलन को अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल तक ले जाने की चेतावनी भी दी गई। श्रमिकों ने यह भी कहा कि भुगतान होने तक निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा।विवाद की सूचना पर केकड़ी पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए श्रमिकों से समझाइश की।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *