स्टेट हाईवे से मंदिर तक डेढ़ किमी सड़क का निर्माण शुरू, 24 जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य

केकड़ी, 28 सितंबर। क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मीणों का नया गांव स्थित देवनारायण धाम तक अब श्रद्धालुओं की राह सुगम होगी। विधायक शत्रुघ्न गौतम के प्रयासों से स्टेट हाईवे से देवनारायण मंदिर तक करीब चार करोड़ रुपए की लागत से फोरलेन सड़क का निर्माण शुरू हो गया है। निर्माण कार्य 25 सितंबर से शुरू किया गया है तथा इसे 24 जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सड़क की गारंटी अवधि पांच वर्ष निर्धारित की गई है।
करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी इस सड़क की चौड़ाई 14 मीटर होगी। सड़क के मध्य एक मीटर चौड़ा डिवाइडर बनाया जाएगा। फोरलेन सड़क बनने से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी और शनिवार व मेले के दौरान लगने वाले जाम से भी राहत मिलने की उम्मीद है। सड़क के सीधे स्टेट हाईवे से जुड़ने से क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
पिछले साल की थी घोषणा
विधायक शत्रुघ्न गौतम ने पिछले वर्ष देवनारायण मेले के दौरान आयोजित भजन संध्या में मंदिर तक चार करोड़ रुपए की लागत से फोरलेन सड़क बनाने की घोषणा की थी। घोषणा के बाद अब इसका निर्माण कार्य धरातल पर शुरू हो गया है।
शनिवार को उमड़ता है आस्था का सैलाब
मीणों का नया गांव स्थित भगवान देवनारायण मंदिर में प्रत्येक शनिवार हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। वहीं प्रतिवर्ष भादवीं छठ पर यहां लक्खी मेला आयोजित होता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। वर्तमान में सड़क सिंगल होने के कारण शनिवार और मेले के दौरान यातायात का दबाव बढ़ जाता है और जाम की स्थिति बनती है। फोरलेन सड़क बनने के बाद इस समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
अगले वर्ष के मेले में मिलेगी राहत
निर्धारित समय पर सड़क निर्माण पूरा होने के बाद अगले वर्ष आयोजित होने वाले लक्खी मेले में श्रद्धालुओं को बेहतर यातायात व्यवस्था का लाभ मिल सकेगा। सड़क चौड़ी होने से वाहनों की आवाजाही सुगम होगी और मंदिर तक पहुंचने में होने वाली परेशानी कम होगी।
इनका कहना है
«“केकड़ी क्षेत्र का देवनारायण धाम सबसे बड़ा धार्मिक स्थल है। यहां लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं। लंबे समय से यहां सड़क निर्माण की मांग की जा रही थी। बारिश के समय श्रद्धालुओं को काफी परेशानी होती थी और पुलिया के अभाव में पानी भर जाता था। मेले के दौरान भी लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था।”»
— शत्रुघ्न गौतम, विधायक, केकड़ी
«“फोरलेन सड़क बनने से श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी। सड़क सीधे स्टेट हाईवे से जुड़ने के कारण क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा तथा इसकी पूरी मॉनिटरिंग की जाएगी।”»
— भीम सिंह मीणा, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी केकड़ी
