मानसून की सुस्त चाल: कैचमेंट में 28% कम बारिश, बीसलपुर बांध अब भी 32% खाली



जलस्तर 313.71 आरएल मीटर, 26.286 टीएमसी पानी संग्रहित; अगस्त 2027 तक पेयजल आपूर्ति सुरक्षित रहने का दावा

केकड़ी
प्रदेश की जीवनदायिनी बीसलपुर बांध परियोजना पर इस बार मानसून की सुस्त चाल का असर साफ दिखाई दे रहा है। कैचमेंट क्षेत्र में सामान्य से 28 प्रतिशत कम बारिश होने के कारण बांध अब तक अपनी कुल क्षमता का केवल 67.92 प्रतिशत ही भर पाया है। यानी बांध में अभी भी करीब 32 प्रतिशत क्षमता खाली है। हालांकि जल संसाधन विभाग का कहना है कि वर्तमान जल भंडारण के आधार पर अजमेर, जयपुर, टोंक सहित बीसलपुर परियोजना से जुड़े क्षेत्रों में अगस्त 2027 तक पेयजल संकट की आशंका नहीं है।

जल संसाधन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार बीसलपुर बांध का जलस्तर 313.71 आरएल मीटर दर्ज किया गया है। बांध में वर्तमान में 26.286 टीएमसी पानी संग्रहित है। मानसून सीजन में अब तक कैचमेंट क्षेत्र में 339 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य से 28 प्रतिशत कम है। पिछले 24 घंटे में कैचमेंट में 13 मिमी बारिश दर्ज की गई।

बिसलपुर बांध



पिछले साल जुलाई में खुले थे गेट, इस बार धीमी है आवक-पिछले वर्ष जुलाई में लगातार हुई बारिश के कारण 24 जुलाई को ही बीसलपुर बांध के गेट खोलने पड़े थे और अतिरिक्त पानी की निकासी दिसंबर तक जारी रही थी। इसके विपरीत इस बार बारिश की कमी से बांध में पानी की आवक अपेक्षाकृत धीमी बनी हुई है। जल विशेषज्ञों का मानना है कि अब मानसून के आगामी दौर की बारिश पर ही बांध के भराव की गति निर्भर करेगी।


फिलहाल पेयजल को लेकर राहत-भले ही इस बार बारिश सामान्य से कम हुई है, लेकिन मौजूदा जल भंडारण को देखते हुए विभाग ने राहत की बात कही है। उपलब्ध पानी से बीसलपुर परियोजना से जुड़े शहरों और कस्बों की पेयजल जरूरतें अगस्त 2027 तक पूरी होने का अनुमान है।

उमस से बेहाल रहा दिन, 22-23 जुलाई को बारिश के आसारसोमवार को जिले में कहीं भी उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं हुई। दिनभर बादलों की आवाजाही के बावजूद बरसात नहीं होने से गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले दो-तीन दिन मानसूनी गतिविधियां कमजोर रहेंगी, लेकिन 22 और 23 जुलाई को जिले के कुछ हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। इससे बीसलपुर बांध के कैचमेंट क्षेत्र में पानी की आवक बढ़ने की उम्मीद है।

फैक्ट फाइल
कैचमेंट में बारिश: सामान्य से 28% कम
जलस्तर: 313.71 आरएल मीटर
जल भंडारण: 26.286 टीएमसी
भराव क्षमता: 67.92%
पिछले 24 घंटे की बारिश: 13 मिमी
सीजन की कुल बारिश: 339 मिमी
पिछले वर्ष गेट खुले: 24 जुलाई

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *