बीसलपुर से किसानों के लिए खुली नहरों की राह, 17वीं बार छोड़ा सिंचाई का पानी

बीसलपुर बांध से सिंचाई के लिए 17वीं बार नहरों में छोड़ा गया पानी, किसानों को रबी फसलों की सिंचाई के लिए मिली बड़ी राहत।

35 दिन तक चलेगा जलप्रवाह, 81 हजार 800 हेक्टेयर भूमि को मिलेगा लाभ; 2 टीएमसी पानी होगा खर्च, पेयजल आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता

उमाशंकर वैष्णव | सच का सफर

बीसलपुर। राजस्थान के लाखों लोगों की प्यास बुझाने वाले बीसलपुर बांध से आखिरकार किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने का सिलसिला शुरू हो गया। 25 नवंबर को जब प्रदेश की राजनीति जिला प्रमुख चुनाव की सरगर्मियों में उलझी हुई थी, उसी दौरान बीसलपुर बांध से टोंक जिले के किसानों के लिए सिंचाई का पानी नहरों में प्रवाहित कर दिया गया। बांध के निर्माण के बाद यह 17वां अवसर है, जब नहरी तंत्र के माध्यम से किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। इस बार करीब 35 दिनों तक नहरों में जलप्रवाह जारी रखने की योजना है। इसके लिए लगभग 2 टीएमसी पानी खर्च होने का अनुमान है।

दोनों मुख्य नहरों के हैड रेग्युलेटर पर मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर जलप्रवाह की शुरुआत की गई। सबसे पहले सुबह 8 बजे बायीं मुख्य नहर में 10 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इसके बाद सुबह 9 बजे दायीं मुख्य नहर में 50 क्यूसेक पानी प्रवाहित किया गया। धीरे-धीरे जलप्रवाह बढ़ाते हुए दायीं नहर में 100 क्यूसेक और बायीं नहर में 50 क्यूसेक पानी कर दिया गया। आगामी दिनों में निर्धारित क्षमता के अनुसार पानी छोड़ा जाएगा। दायीं मुख्य नहर की क्षमता 735 क्यूसेक तथा बायीं मुख्य नहर की क्षमता 110 क्यूसेक है।

टेल तक पानी पहुंचने के बाद खुलेंगी माइनर और वितरिकाएं

परियोजना अभियंताओं ने इस बार नहरों के अंतिम छोर पर बैठे किसानों तक पानी पहुंचाने के लिए टेल टू हेड व्यवस्था अपनाई है। पहले मुख्य नहरों का पानी अंतिम छोर यानी टेल तक पहुंचाया जाएगा। इसके बाद टेल से हेड की ओर क्रमवार माइनर और वितरिकाओं में पानी छोड़ा जाएगा। अगले दो दिनों में मुख्य नहरों का पानी अंतिम छोर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इस व्यवस्था से नहरों के शुरुआती हिस्से के साथ अंतिम छोर के किसानों को भी पर्याप्त पानी मिलने की उम्मीद है।

81 हजार 800 हेक्टेयर खेतों को मिलेगा जीवनदान

बीसलपुर बांध का करीब 750 किलोमीटर लंबा नहरी तंत्र टोंक जिले की कृषि व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है। इसके माध्यम से लगभग 81 हजार 800 हेक्टेयर भूमि यानी करीब ढाई लाख बीघा क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा मिलती है। इससे किसानों को रबी की फसलों के लिए पानी उपलब्ध होने के साथ जिले में करीब 100 करोड़ रुपए की अतिरिक्त कृषि पैदावार होने का अनुमान है। लंबे समय से सिंचाई के लिए पानी की मांग कर रहे किसानों को नहरों में जलप्रवाह शुरू होने से बड़ी राहत मिली है।

40 दिन की पेयजल आपूर्ति के बराबर पानी होगा खर्च

इस बार बीसलपुर बांध में मानसून के दौरान अपेक्षाकृत कम वर्षा होने के कारण बांध पूर्ण जलभराव से करीब डेढ़ मीटर खाली रह गया। ऐसे में सिंचाई के लिए पानी देने का निर्णय आसान नहीं था। बांध से जयपुर, अजमेर और टोंक सहित कई क्षेत्रों के करीब एक करोड़ लोगों को प्रतिदिन पेयजल उपलब्ध कराया जाता है। इन शहरों और कस्बों को लगभग 1200 एमएलडी पानी की आपूर्ति होती है। अजमेर की पेयजल व्यवस्था तो काफी हद तक बीसलपुर बांध पर निर्भर है।

ऐसे में सिंचाई के लिए करीब 2 टीएमसी पानी खर्च करना महत्वपूर्ण निर्णय है। अनुमान के अनुसार इतनी मात्रा का पानी तीनों जिलों में करीब 40 दिनों की पेयजल आपूर्ति के बराबर है। इसके बावजूद किसानों की सिंचाई जरूरतों और पेयजल सुरक्षा के बीच संतुलन बनाते हुए नहरों में पानी छोड़ने का निर्णय किया गया है। जल संसाधन विभाग के अभियंताओं का मानना है कि निर्धारित मात्रा में सिंचाई के लिए पानी देने के बाद भी अगले वर्ष जुलाई-अगस्त तक पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका नहीं है।

पूरा बांध भरने पर 8 टीएमसी पानी सिंचाई के लिए आरक्षित

बीसलपुर परियोजना में बांध के पूर्ण जलभराव की स्थिति में सिंचाई के लिए कुल 8 टीएमसी पानी आरक्षित रखने का प्रावधान है। हालांकि इस बार बांध में उपलब्ध पानी को देखते हुए करीब 2 टीएमसी पानी ही सिंचाई के लिए दिया जा रहा है। 18 नवंबर को आयोजित बीसलपुर परियोजना जल वितरण समिति की बैठक में 25 से 35 दिनों तक नहरों में पानी चलाने का निर्णय किया गया था। वर्तमान में पेयजल आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जल वितरण की योजना तैयार की गई है।

313.27 मीटर जलस्तर, 23.747 टीएमसी पानी संग्रहित

25 नवंबर को बीसलपुर बांध का जलस्तर 313.27 आरएल मीटर दर्ज किया गया। बांध में कुल 23.747 टीएमसी पानी संग्रहित है। इसकी कुल भराव क्षमता 1095.84 एमसीयूएम यानी 38.703 टीएमसी है। इस लिहाज से बांध में कुल क्षमता का करीब 61 प्रतिशत पानी उपलब्ध है। ऐसे में सिंचाई और पेयजल दोनों जरूरतों के लिए पानी का नियोजित उपयोग परियोजना के सामने बड़ी जिम्मेदारी है।

आचार संहिता के चलते जनप्रतिनिधि नहीं रहे मौजूद

नहरों में पानी छोड़ने के दौरान इस बार जनप्रतिनिधि मौजूद नहीं रहे। पूर्व में जलप्रवाह शुरू करने के अवसर पर जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाता रहा है, लेकिन आचार संहिता लागू होने के कारण इस बार परियोजना अभियंताओं की मौजूदगी में ही प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान बीसलपुर परियोजना के अधीक्षण अभियंता मनीष बंसल तथा सहायक अभियंता दिनेश बैरवा मौजूद रहे।

कुल मिलाकर बीसलपुर से शुरू हुआ यह जलप्रवाह टोंक जिले के किसानों के लिए राहत की खबर है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि निर्धारित समय में नहरों का पानी अंतिम छोर तक पहुंचे और जल वितरण की व्यवस्था के जरिए हर जरूरतमंद किसान को उसका निर्धारित हिस्सा मिल सके।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *