
केकड़ी-बीसलपुर बांध के लिए अगस्त की बारिश बड़ी राहत लेकर आई है। पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ रहा जलस्तर अब तेजी से ऊपर चढ़ रहा है। महज 48 घंटे में बांध में 2.554 टीएमसी पानी की जोरदार आवक हुई है। 12 अगस्त सुबह 6 बजे बांध में 25.320 टीएमसी जलभराव था, जो 14 अगस्त सुबह 6 बजे बढ़कर 27.874 टीएमसी हो गया। वहीं शुक्रवार शाम 4 बजे जलभराव 28.012 टीएमसी और गेज 313.96 मीटर दर्ज किया गया।
24 घंटे में 1.292 टीएमसी की बढ़ोतरी-बीसलपुर में पानी बढ़ने की रफ्तार का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 13 अगस्त सुबह से 14 अगस्त सुबह तक महज 24 घंटे में 1.292 टीएमसी पानी की बढ़ोतरी हुई। 13 अगस्त सुबह बांध में 26.582 टीएमसी पानी था, जो शाम 4 बजे 27.045 टीएमसी और रात 10 बजे 27.460 टीएमसी हो गया। 14 अगस्त सुबह तक यह आंकड़ा 27.874 टीएमसी पहुंच गया। शाम 4 बजे जलभराव बढ़कर 28.012 टीएमसी दर्ज हुआ।
22 दिन में 2.416 टीएमसी बढ़ा जलभराव-21 जुलाई को बीसलपुर बांध का गेज 313.61 मीटर और जलभराव 25.596 टीएमसी था। 14 अगस्त शाम 4 बजे गेज 313.96 मीटर और जलभराव 28.012 टीएमसी दर्ज हुआ। यानी 22 दिन में गेज में 35 सेंटीमीटर और जलभराव में करीब 2.416 टीएमसी की बढ़ोतरी हुई है।
12 अगस्त से बदली तस्वीर-12 अगस्त सुबह 6 बजे बांध में 25.320 टीएमसी पानी था। इसके बाद पानी की आवक तेज हुई और रात 10 बजे तक गेज 313.68 मीटर तथा जलभराव 26.079 टीएमसी पहुंच गया। 13 अगस्त सुबह गेज 313.75 मीटर, शाम 4 बजे 313.82 मीटर और रात 10 बजे 313.88 मीटर दर्ज हुआ। 14 अगस्त सुबह गेज 313.94 मीटर और शाम 4 बजे 313.96 मीटर पहुंच गया।
त्रिवेणी में 3 मीटर गेज, आवक की उम्मीद-त्रिवेणी में भी पानी का बहाव बना हुआ है। 12 अगस्त सुबह त्रिवेणी का गेज 5.10 मीटर था। उतार-चढ़ाव के बाद 14 अगस्त को यह 3.00 मीटर दर्ज किया गया। त्रिवेणी में पानी का बहाव बना रहने से बीसलपुर बांध में आने वाले दिनों में भी पानी की आवक जारी रहने की उम्मीद है।
कुल बारिश 501 एमएम-बीसलपुर बांध क्षेत्र में अब तक 501 एमएम कुल बारिश दर्ज हो चुकी है। शुक्रवार को दिन में बारिश नहीं हुई, लेकिन जलग्रहण क्षेत्र से पानी की आवक जारी रहने के कारण बांध का जलस्तर बढ़ रहा है।
आगे बढ़ सकता है जलस्तर
यदि बीसलपुर के जलग्रहण क्षेत्र में बारिश का दौर जारी रहा और त्रिवेणी सहित अन्य सहायक नदियों में बहाव बना रहा तो आने वाले दिनों में बांध का जलस्तर और तेजी से बढ़ सकता है। बीसलपुर में बढ़ता जलस्तर अजमेर, जयपुर और टोंक सहित इससे जुड़े क्षेत्रों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।