केकड़ी। अखिल भारतीय बैरवा महासभा के जिला एवं तहसील स्तर के अध्यक्ष और महामंत्री पदों के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 6 अगस्त से शुरू होगी। मुख्य चुनाव अधिकारी रोडूराम सुलानिया तथा अजमेर संभाग के चुनाव अधिकारी डॉ. श्याम लाल बैरवा (केकड़ी) ने चुनाव कार्यक्रम जारी किया है।जारी कार्यक्रम के अनुसार अजमेर, भीलवाड़ा, ब्यावर, राजसमंद, उदयपुर, जोधपुर एवं चित्तौड़गढ़ जिलों में अध्यक्ष एवं महामंत्री पदों के लिए 6 व 7 अगस्त को प्रातः 8 बजे से शाम 5 बजे तक नामांकन पत्रों का वितरण एवं जमा किए जाएंगे। अजमेर जिले के सभी नामांकन पत्रों की प्रक्रिया प्रेम मैरिज गार्डन, जयपुर बाईपास, केकड़ी में होगी। इच्छुक एवं पात्र उम्मीदवार आधार कार्ड प्रस्तुत कर नामांकन पत्र प्राप्त कर सकेंगे।7 अगस्त को नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद सायं 6 बजे के पश्चात पात्र उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।यदि किसी पद पर चुनाव की आवश्यकता हुई तो संबंधित जिला चुनाव प्रभारी द्वारा निर्धारित मतदान केंद्र पर 16 अगस्त 2026 को प्रातः 8 बजे से सायं 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतगणना एवं परिणामों की घोषणा 17 अगस्त 2026 को प्रातः 8 बजे से की जाएगी।
अजमेर संभाग चुनाव अधिकारी डॉ. श्याम लाल बैरवा ने सभी पात्र सदस्यों एवं संभावित प्रत्याशियों से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समय पर चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने तथा चुनाव को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की है।
