केकड़ी, 6 अगस्त। अखिल भारतीय बैरवा महासभा जिला अजमेर के संगठनात्मक चुनाव को लेकर गुरुवार से नामांकन प्रक्रिया का शुभारंभ हो गया। केकड़ी स्थित प्रेम मैरिज गार्डन में जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री, तहसील अध्यक्ष एवं तहसील महामंत्री पदों के लिए नामांकन पत्रों का वितरण एवं जमा करने का कार्य उत्साहपूर्ण माहौल में प्रारंभ हुआ। पहले ही दिन समाज के लोगों एवं संभावित प्रत्याशियों में चुनाव को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

अजमेर संभाग चुनाव अधिकारी डॉ. श्याम लाल बैरवा ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया के पहले दिन कुल 7 नामांकन पत्र वितरित किए गए। इनमें जिलाध्यक्ष पद के लिए 2, जिला महामंत्री पद के लिए 1, तहसील अध्यक्ष पद के लिए 3 तथा तहसील महामंत्री पद के लिए 1 नामांकन पत्र शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि नामांकन पत्र वितरण के साथ ही प्रत्याशियों ने अपने नामांकन जमा कराने भी शुरू कर दिए। पहले ही दिन कुल 5 नामांकन पत्र जमा हुए। इनमें जिलाध्यक्ष पद के लिए 1, जिला महामंत्री पद के लिए 1, केकड़ी तहसील अध्यक्ष पद के लिए 1, सरवाड़ तहसील अध्यक्ष पद के लिए 1 तथा सरवाड़ तहसील महामंत्री पद के लिए 1 नामांकन पत्र शामिल हैं।चुनाव अधिकारियों के अनुसार पूरी चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष एवं संगठन के संविधान के अनुरूप संपन्न कराई जा रही है। नामांकन की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगी, जिसके बाद जांच, नाम वापसी और आवश्यक होने पर मतदान की प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।इस दौरान चुनाव व्यवस्था को सफल बनाने में जिला चुनाव अधिकारी डॉ. राम दयाल बैरवा, सहायक आचार्य सावंतराम बैरवा, श्योजी राम बैरवा, रामचंद्र बैरवा, मेवालाल बैरवा, रमेश बैरवा, महावीर बैरवा, सीताराम बैरवा तथा मीडिया प्रभारी शंकर लाल बैरवा सहित अनेक समाजबंधुओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
चुनाव स्थल पर समाज के वरिष्ठजनों एवं युवाओं की अच्छी भागीदारी रही। संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि लोकतांत्रिक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में चुनाव प्रक्रिया संपन्न होगी, जिससे महासभा को मजबूत नेतृत्व मिलेगा और समाज के संगठनात्मक कार्यों को नई गति प्राप्त होगी।
