गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम में शिक्षकों व मेधावियों का सम्मान

केकड़ी, 7 अगस्त। भारत विकास परिषद शाखा केकड़ी द्वारा शुक्रवार को ‘गुरुगौरवम् : गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन’ कार्यक्रम के तहत दो विद्यालयों में शिक्षकों एवं मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गुरुजनों के प्रति सम्मान की भावना को प्रोत्साहित करना तथा विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना रहा।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जालिया-3 में आयोजित समारोह में 16 गुरुजनों एवं 7 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। परिषद के वरिष्ठ सदस्य एवं प्रकल्प प्रभारी महावीर पारीक ने भारत विकास परिषद की गतिविधियों की जानकारी देते हुए गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम की महत्ता बताई। उन्होंने विद्यार्थियों से संस्कारित जीवन जीने और राष्ट्रहित में योगदान देने का आह्वान किया। परिषद सदस्य बृजराज शर्मा ने विद्यार्थियों को विज्ञान के क्षेत्र में नवाचार करने तथा ‘भारत को जानो’ एवं समूहगान प्रतियोगिताओं में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य रामधन कुम्हार ने गुरु के महत्व पर प्रकाश डालते हुए परिषद का आभार व्यक्त किया।

गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम में शिक्षकों व मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान।

इसी क्रम में पटेल आदर्श विद्या निकेतन प्राथमिक विद्यालय, सापन्दा रोड, केकड़ी में शाखा का दसवां गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ।समारोह में 19 गुरुजनों एवं 18 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में लगभग 280 विद्यार्थी, 19 शिक्षक, 7 परिषद सदस्य तथा 2 अभिभावकों की उपस्थिति रही। विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती सुमन सेन ने परिषद के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन शिक्षकों के सम्मान के साथ विद्यार्थियों में सेवा, संस्कार और राष्ट्रभक्ति की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं।कार्यक्रम के सफल आयोजन में शाखा महिला संयोजक अंजू विजय, राधा माहेश्वरी, ममता विजय, सुमन जैन, राधा विजय, सुधा तोषनीवाल एवं भगवान महेश्वरी सहित परिषद के सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। समारोह प्रेरणादायी एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *