देवनारायण पदयात्रा का मोलकिया में भव्य स्वागत।

ध्वजा-पताकाओं की पूजा-अर्चना कर पदयात्रियों का साफा व माला पहनाकर किया सम्मान।

मोलकियां में टोंक से देवमाली जा रही भगवान श्री देवनारायण की पदयात्रा का स्वागत करते ग्रामीण।

केकड़ी 2 सितंबर–टोंक से देवमाली होते हुए सवाईभोज के लिए रवाना हुई भगवान श्री देवनारायण की 19वीं पैदल यात्रा का बुधवार को मोलकिया पहुंचने पर ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान गांव का माहौल भक्तिमय हो गया और श्रद्धालुओं ने भगवान श्री देवनारायण के जयकारों के साथ पदयात्रियों का स्वागत किया। स्वागत कार्यक्रम में पूर्व सरपंच रामलाल गुर्जर, प्रशासक जयसिंह गुर्जर, एडवोकेट मुकेश गुर्जर, सोजीराम गुर्जर, गोपाल जाट, परमेश्वर जाट,घीसालाल गुर्जर, नारायण मीणा सहित अन्य ग्रामीणों ने भगवान श्री देवनारायण की ध्वजा-पताकाओं की विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद पदयात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को साफा व माला पहनाकर सम्मानित किया गया। ग्रामीणों की ओर से पदयात्रियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई। इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रशासक जयसिंह गुर्जर ने कहा कि भगवान श्री देवनारायण के जीवन और आदर्शों से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि धर्म और संस्कृति से ही हमारी परंपराएं जीवित रहती हैं। पदयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु विशाल ध्वजा-पताकाएं लेकर चल रहे हैं। पदयात्रा टोंक से रवाना होकर टोडारायसिंह, बघेरा और मोलकिया होते हुए मीणों का नया गांव स्थित भगवान श्री देवनारायण मंदिर पहुंचेगी। यहां रात्रि में भजन संध्या का आयोजन होगा। इसके बाद पदयात्री देवमाली होते हुए आसींद स्थित भगवान श्री देवनारायण के सवाईभोज धाम पहुंचेंगे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *